सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती को बुरे दौर से गुजरना पड़ा था। रिया चक्रवर्ती को अपने बॉयफ्रेंड सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद जेल में 28 दिन बिताने पड़े थे। रिया पर सुशांत के लिए ड्रग्स खरीदने का आरोप लगा था। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था। एक्ट्रेस ने कभी इसपर कोई बात नहीं की, लेकिन हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान वह दिल खोलकर बात करती नजर आईं।
रिया ने जेल में बिताये दिनों से लेकर समाज के लोग उनके साथ कैसे पेश आए, इन सबके बारे में बात की। रिया ने बताया कि जेल में बिताया समय उनके लिए सबसे चैलेंजिंग था, लेकिन वहां उन्हें कुछ ऐसे लोग मिले जो ऐसी स्थिति में भी खुश रहते थे। रिया चक्रवर्ती ने इस कार्यक्रम का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है।
वीडियो में रिया कह रही हैं कि आपको समाज से निकाल दिया जाता है और जेल में एक नंबर के रूप में डाल दिया जाता है क्योंकि आपको समाज के लिए सही नहीं माना जाता। जो व्यक्तित्व या आपने अपने बारे में बनाया है वह पूरी तरह खत्म हो जाता है।
रिया ने बताया कि वह सजा काटने के लिए जेल में नहीं थीं, बल्कि अंडर ट्रायल जेल में थीं। जहां ऐसे लोगों को रखा जाता है जिन्हें किसी अपराध के लिए दोषी नहीं ठहराया गया है। एक्ट्रेस ने कहा कि वहां की सभी औरतों पर भी कोई अपराध साबित नहीं हो पाया था। उन्हें देखना और उनसे बाद करना, ये रिया के लिए एक अलग अनुभव था। रिया ने कहा, “मैंने उन औरतों में एक अनोखे तरह का प्यार देखा। उन्हें छोटी-छोटी चीजों में खुशी मिलती थी। वे जानते हैं कि एक पल का आनंद कैसे लेना है, और सबसे खुश लोगों में से थे, जिनसे मैं मिली हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि वो समय उनके लिए सबसे बुरा था, लेकिन ये सब दिमाग में होता है। एक्ट्रेस ने कहा, “लड़ाई दिमाग की है और अगर आपके दिल में ताकत और इच्छा है, तो आप निश्चित रूप से दिमाग से लड़ेंगे और जीतेंगे।”
SSR के फैंस ने किया था ट्रोल
आपको बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया को मीडिया ट्रायल का सामना करना पड़ा था। इतना ही नहीं सुशांत के फैंस ने उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया था और उनपर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए थे। एनसीबी ने सुशांत की मौत के मामले से जुड़े ड्रग्स एंगल की जांच के सिलसिले में रिया और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था।
सुशांत के परिवार ने लगाया था गंभीर आरोप
एसएसआर के परिवार ने रिया पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्हें ‘चुड़ैल’ तक करार दिया गया था। रिया के लिए ये वो दौर था जिसका सामना उन्होंने हिम्मत से किया। कई सालों तक रिया के पास कोई काम नहीं था। हालांकि अप्रैल 2023 में उन्होंने एमटीवी रोडीज सीजन 19 में बतौर गैंग लीडर शूटिंग शुरू की।