बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के कारोबारी पति राज कुंद्रा को मंगलवार को मुंबई के कोर्ट में पेश किया गया। उनके साथ रेयान थार्प नाम के शख्स की भी एसप्लेनेड कोर्ट में पेशी हुई, जो 20 जुलाई, 2021 को अरेस्ट किया गया।
सोमवार को मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए कुंद्रा को 23 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान उन्होंने बयान भी दिए हैं। सूत्रों के हवाले से कुछ टीवी मीडिया रिपोर्ट्स बताया गया कि कुंद्र एक “एच” (H) नाम के वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़े थे, जहां पर अश्लील फिल्मों से जुड़ी चर्चा हुआ करती थी। इसी बीच, ऐक्ट्रेस गहना वशिष्ठ ने इस मसले पर सफाई देते हुए एक वीडियो संदेश में कहा, “पोर्न के आरोप सरासर गलत हैं। ये वीडियो नॉर्मल एराटिका थे। जैसे एकता कपूर के “गंदी बात” के होते हैं। ऐसे बोल्ड वीडियो न जाने कब से बन रहे हैं। ये नई बात नहीं है। मुझे मुंबई पुलिस पर पूरा भरोसा है। वे वीडियो देखें, फिर फैसला लें।”
दरअसल, कुंद्रा पर पोर्न (अश्लील) फिल्में बनवाने और उन्हें कुछ ऐप्स के जरिए प्रसारित करने का आरोप है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को सोमवार को बताया था कि राज कुंद्रा इस मामले के ‘‘मुख्य साजिशकर्ता’’ मालूम पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि कुंद्रा (45) के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद उन्हें अपराध शाखा ने सोमवार को गिरफ्तार किया। मुंबई पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के माध्यम से उन्हें प्रसारित करने का मामला मुंबई अपराध शाखा में फरवरी 2021 में दर्ज किया गया था। हमने इस मामले में 19 जुलाई 2021 को राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया, क्योंकि वह इसमें मुख्य साजिशकर्ता प्रतीत होते हैं। हमारे पास इस बारे में पर्याप्त सबूत हैं।’’
Actress Shilpa Shetty’s husband & businessman Raj Kundra and one Ryan Tharp brought to Mumbai’s Esplanade Court.
Kundra was arrested yesterday while Tharp was arrested today in connection with a case relating to the production of pornographic films. pic.twitter.com/NCpbVeKhJH
— ANI (@ANI) July 20, 2021
उपनगरीय मुंबई के मालवानी पुलिस स्टेशन में चार फरवरी को मामला दर्ज किया गया था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एक महिला ने पुलिस से संपर्क किया था और अपनी शिकायत में कुछ आरोप लगाए थे, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और अपराध शाखा को मामला सौंपा गया। इससे पहले भी हमने अश्लील फिल्म बनाने के संबंध में मामले दर्ज किए थे, जिनमें एक अभिनेत्री और कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के खिलाफ मामले की जांच करेंगे और यह पता लगाएंगे कि क्या इस मामले और पहले दर्ज किए गए अश्लील फिल्म संबंधी मामलों में कोई संबंध है।’’ कुंद्रा के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 420 (धोखाधड़ी), 34 (सामान्य इरादा), 292 और 293 (अश्लील विज्ञापन से संबंधित) और आईटी अधिनियम एवं महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। (भाषा-पीटीआई इनपुट्स के साथ)ॉ