1993 में हुए मुंबई ब्लास्ट के दोषी याकूब मेमन की कब्र पर एलईडी लाइट्स और मार्बल लगी एक तस्वीर सामने आई है। जिसके बाद तमाम लोगों का गुस्सा फूटा है। बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने भी इसपर नाराजगी जताते हुए तीखा सवाल किया है।

शर्लिन चोपड़ा ने लिखा,’1993 के मुंबई बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन की कब्र पर किसने लगवाईं LED लाइटें और मार्बल? एक आतंकी की कब्र को मज़ार बनाने वाले कौन हैं?’

शर्लिन चोपड़ा के इस ट्वीट पर तमाम यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई शर्लिन की खिंचाई कर रहा है तो कोई उनके सवाल का समर्थन कर रहा है। परविंदर सिंह नाम के यूजर ने लिखा,’आ गए फिर से धर्म की चाशनी में डूबी हुई राजनीति करने।’ विकास नाम के यूजर ने लिखा,’वही होंगे जिन्होंने गुजरात में रेपिस्ट को छोड़कर जश्न मनाया।’

आपको बता दें कि मामला गरमाने के बाद एलईडी लाइटें वगैरह हटा दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि याकूब के परिवार के लोग यहां आते हैं, कब्र की साफ-सफाई भी करते हैं। उन्होंने ही शब-ए-बारात के मौके पर एलईडी लाइट्स लगाई थीं।

राहुल गांधी की यात्रा पर कसा तंज, हुई बहस

शर्लिन चोपड़ा ने एक अन्य ट्वीट में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा पर भी तंज कसा और लिखा, ‘भारत जोड़ो या परिवार जोड़ो?’ इस पर इस्ट यूपी कांग्रेस के हैंडल से जवाब दिया गया, ‘नकली शेरनी जी, हां…भारत हमारा परिवार है। आप संघ परिवार की गुलाम बनी रहिए, हम तो भारत को एकजुट करने के लिए निकल चुके हैं। बरनॉल ले लीजिये, जनता की इस मुहिम से जुड़ने की तस्वीरें रोजाना आएंगी।’

इस ट्वीट का जवाब देते हुए शर्लिन ने लिखा, ‘अखंड भारत कैसे विभाजित हुआ, ये हम सब जानते हैं। गुलामी कौन और किस कदर कर रहा है, ये बात किसी से छुपी नहीं है। अरे जनाब, बरनॉल का स्टॉक तो आप लोग खत्म कर रहे हैं। थोड़ा बचाकर रखिएगा वरना 2024 में बहुत दिक्कत होगी… जय हिन्द…वन्दे मातरम्’।