The Kapil Sharma Show: कपिल शर्मा एक बार फिर से दर्शकों को गुदगुदाने के लिए द कपिल शर्मा शो का नया सीजन लेकर आए हैं। कपिल शर्मा के पहले एपिसोड का हिस्सा सिंबा फिल्म की कास्ट रणवीर सिंह और सारा अली खान और डायरेक्टर रोहित शेट्टी बने थे। जबकि दूसरे एपिसोड में सलमान खान, सलीम खान, अरबाज खान और सोहेल खान बतौर मेहमान शामिल हुए थे। अब कपिल के शो के नए एपिसोड में शत्रुघ्न सिन्हा और उनकी पत्नी पूनम सिन्हा शिरकत करेंगी। शो के दौरान पहली बार कपल ने अपनी रोमांटिक प्रेम-कहानी को साझा किया। शो का नया एपिसोड रविवार को प्रसारित किया जाएगा।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कपिल शर्मा के शो में पूनम सिन्हा ने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा से उनकी पहली मुलाकात पटना से मुंबई जाने वाली एक ट्रेन में हुई थी। पूनम अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर अपने घर वापस जा रही थीं। वहीं शत्रुघ्न सिन्हा पुणे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूड ऑफ इंडिया (FTII) को ज्वाइंन करने के लिए जा रहे थे। शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा दोनों ही ट्रेन में रो रहे थे और दोनों की बर्थ एक-दूसरे के सामने थी।
पूनम ने खुलासा किया कि उन्हें उनकी मम्मी ने डांटा था और शत्रुघ्न सिन्हा अपने माता-पिता को छोड़ने से दुखी थे। शत्रुघ्न, पूनम से बात करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनकी सुंदरता को देखकर वह खो गए थे। लेकिन एक्टर इतना साहस न जुटा पाए कि वह बात कर सकें। पूनम ने बताया कि एक ऐसा मौका भी था जब शत्रुघ्न ने गलती से उनके पैर छू लिए थे। पूनम ने जब इस बात का खुलासा किया तो शत्रुघ्न सिन्हा ने मजाक में कहा कि उस दिन से आज तक वह दोनों साथ में रोते हैं।