80-90s के दशक में स्क्रीन पर राज करने वाले एक्टर शत्रुघन सिन्हा (Shatrughan Sinha) अपनी बेहतरीन फिल्मों और अभिनय के लिए जाने जाते हैं। फिल्मों के साथ ही अभिनेता अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहे हैं। रीना रॉय और शत्रुघन सिन्हा का लव अफेयर किसी से छुपा नहीं है। हालांकि, उनका ये रिलेशन शादी के बाद का था। दोनों शादी भी करना चाहते थे लेकिन, एक्टर अपनी पहली फैमिली को नहीं छोड़ पाए थे। शत्रुघन और पूनम सिन्हा की लव स्टोरी भी कमाल की है। दोनों ट्रेन में मिले थे। प्यार तो हो गया लेकिन शादी के लिए बहुत पापड़ बेलने पड़े थे। ऐसे में अभिनेता ने उस समय को याद किया जब पहली बार उनके शादी के प्रस्ताव को सासू मां ने रिजेक्ट कर दिया था और उनको ‘गली का गुंडा’ तक कह दिया था। चलिए बताते हैं इस किस्से के बारे में।
दरअसल, शत्रुघन सिन्हा ने हाल ही में कर्ली टेल्स से बात की। इस दौरान उन्होंने अपने आलीशान घर ‘रामायण’ से लेकर पूनम सिन्हा संग रिलेशनशिप तक ढेरों बातें की। इस बीच फिल्म से जुड़े किस्से भी साझा किए। इस दौरान उनके साथ परेश रावल भी मौजूद थे। इस चटपटी गपशप के बीच शत्रुघन ने पूनम के घर पहली बार शादी का प्रस्ताव भेजने का किस्सा भी साझा किया।
शत्रुघन सिन्हा ने अपने सपने और स्ट्रगल को लेकर बात करते हुए कहा, ‘सपने तो बहुत थे। जब मुंबई आया तो सोचता था कि कैसे एक्टर बनूंगा। कटी-फटी शक्ल थी। लोग कहते थे कि इसका कुछ कर लो। मैं तो प्लास्टिक सर्जरी के लिए भी गया था। लेकिन देवानंद साहब ने मना कर दिया था। उन्होंने कहा था कि कभी मत करना। जब तुम हिट हो जाओगे तो एक दिन यही तुम्हारा सिग्नेचर स्टाइल हो जाएगा। अपना उदाहरण दिया कि मेरे दांत में गड्ढा है, उसे कभी फिलअप नहीं कराया। आपका माइनस प्वॉइंट ही प्लस हो जाता है।’
लड़की के साथ सेटल होना चाहते थे शत्रुघन सिन्हा
शत्रुघन सिन्हा आगे एक किस्सा साझा करते हैं कि वो लड़की के साथ सेटल होने के बारे में सोचते थे। उन्होंने बताया, ‘एक मध्यमवर्गीय परिवार की लड़की थी। मैं जहां बस पर जाता था। वहां स्टैंड पर एक लड़की आती थी, जिसे देखकर मुझे लगता था कि वो मुझे पसंद करती थी। ऐसा मुझे लगता था। पता नहीं वो पसंद करती थी कि नहीं। उसके पास फीयर्ड गाड़ी भी थी। तो मैं यही सोचता था कि इसके पास दो बेडरूम वाला फ्लैट भी है अगर इससे शादी हो जाती तो सेटल हो जाता। स्ट्रगल नहीं करना पड़ता। मैं यहीं रह लूंगा। सोचता था कि बस ये मान जाए ना तो बस सेटल हो जाऊंगा।’
पूनम सिन्हा की मां ने कहा था- ‘गली का गुंडा’
शत्रुघन सिन्हा आगे पूनम सिन्हा के साथ अपनी शादी को लेकर किस्सा सुनाते हैं। वो बताते हैं, ‘दहेज के लायक तो मुझे समझा ही नहीं गया। मेरी शादी बड़ी मुश्किल से हुई। कितने साल इंतजार के बाद पूनम और उनके परिवार ने जाकर हां की थी।’ पहली बार शादी का प्रस्ताव भेजने के किस्से को याद करते हुए एक्टर कहते हैं, ‘बड़े भाई डॉ. राम सिन्हा के जरिए जब पहली बार शादी का प्रस्ताव भिजवाया तो सासू मां ने पहली बार में ही रिजेक्ट कर दिया था और कहा था कि तुमने शक्ल देखी है अपने भाई की। कालिया, उसका शक्ल एकदम देखो। कैसा कटा-फटा शक्ल है गली का गुंडा लगता है। कालिया है। मेरी बेटी को देखो। कितना दूध का धुला दिखती है। एकदम गोरी चिट्टी है। मिस इंडिया है मेरी बेटी पूनम चंद्रामाणि। दोनों को खड़ा करके अगर कभी कलर फोटोग्राफ भी खीचेंगा ना तो ब्लैक एंड व्हाइट का इफेक्ट आईंगा। ये जोड़ी तो बनती ही नहीं। लेकिन बाद में जैसे-तैसे मान गईं वो और शादी हो गई।’
आपको बता दें कि शत्रुघन सिन्हा और पूनम की शादी 9 जुलाई 1980 को हुई थी। इनकी पहली मुलाकात बेहद ही दिलचस्प थी, जिसके बारे में पहले एक्टर शेयर कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि वो पूनम से पहली बार ट्रेन में मिले थे, जब वो रो रही थीं। एक्टर ने बताया कि वो शादी से पहले 14 साल तक पूनम के साथ रिलेशनशिप में रहे थे। इस फेवरेट कपल की लव स्टोरी पढ़ने के लिए क्लिक करें।