बिहार कोकिला और भोजपुरी की लोकप्रिय लोक गायिका शारदा सिन्हा (Sharda Sinha) का निधन हो गया है। वो पिछले 10 दिनों से दिल्ली के एम्स में एडमिट थीं। अब एम्स ने एक जारी बयान में कहा है कि रात 9 बजकर 20 मिनट पर Septicemia की वजह से उनका निधन हुआ है।
पिछले दिनों ही उनके बेटे अंशुमान ने उनकी हेल्थ को लेकर जानकारी दी थी कि उनकी मां की हालत स्थिर थी। मगर बीती रात एक बार फिर से शारदा सिन्हा की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हे वेंटिलेटर सपोर्ट पर शिफ्ट कर दिया गया था। इसकी जानकारी भी बेटे अंशुमान ने एक वीडियो शेयर करके दी था। ऐसे में अब सिंगर की मौत की खबर से ना केवल फैंस को बल्कि भोजपुरी इंडस्ट्री को गहरा झटका लगा है।
शारदा सिन्हा की तबीयत पति के निधन के बाद ही ज्यादा बिगड़ी थी। पिछले महीने ही उन पर दुखों का पहाड़ टूटा था। उनके पति ब्रजकिशोर सिन्हा का ब्रेन हेमरेज के कारण निधन हो गया था। पति के निधन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी और दिल्ली के एम्स अस्पताल में उन्हें एडमिट कराया गया था। शारदा सिन्हा के हॉस्पिटल में एडमिट होने के बाद बेटे अंशुमान सिन्हा ने बताया कि वो 2017-18 से मल्टीपल मायलोमा से पीड़ित हैं। उनका इलाज मुंबई और दिल्ली के डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा था।
पीएम मोदी ने की थी शारदा सिन्हा के बेटे से बात
वहीं, पीएम मोदी ने भी फोन करके शारदा सिन्हा की हालत की जानकारी थी। उन्होंने शारदा सिन्हा की मौत से पहले उनके बेटे अंशुमान को फोन करके उनकी मेडिकल कंडिशन के बारे में जानकारी ली थी। उन्होंने उनकी ट्रीटमेंट के लिए हर सपोर्ट देने का दिलासा भी दिया था।
अस्पताल से जारी किया था छठ गीत
आपको बता दें कि छठ के मौके पर शारदा सिन्हा के गीत खूब बजाए जाते हैं। उनके गानों के बिना मानो तो छठ त्यौहार अधूरा है। छठ के अवसर को देखते हुए बेटे अंशुमान ने मां की आवाज में छठ गीत ‘दुखवा मिटाईं छठी मइया’ जारी किया गया था। शारदा सिन्हा के इंस्टाग्राम पेज से उनका एक वीडियो शेयर किया गया था, जिसमें वो इस गाने की रिकॉर्डिंग करते हुए नजर आई थीं। हालांकि, ये रिकॉर्डिंग वीडियो पुराना था मगर, इसे छठ के मौके पर जारी किया गया। इसे दर्शकों से अच्छा खासा प्यार मिला। लेकिन, इस बीच शारदा सिन्हा की मौत की खबर ने फैंस को अंदर तक झकझोर दिया है। लोगों के गहरा सदमा पहुंचा है।
पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित हो चुकी हैं शारदा सिन्हा
शारदा सिन्हा के करियर की बात की जाए तो उन्हें भोजपुरी की लोक गायिका के तौर पर जाना जाता है। इसके साथ ही वो बिहार की कोकिला भी कही जाती हैं। उन्हें अपने गानों और लोक गायिकी में योगदान के लिए कई बड़े सम्मान भी प्राप्त हैं। इसमें बिहार गौरव, भोजपुरी कोकिला, बिहार रत्न, भिखारी ठाकुर सम्मान, मिथिला विभूति सहित कई अन्य सम्मानों के साथ पद्मश्री और पद्मभूषण जैसे सम्मान शामिल हैं। उनके छठ गीत काफी पॉपुलर हैं। शारदा सिन्हा के पॉपुलर छठ गीत की बात की जाए तो इसमें सबसे ज्यादा चर्चित ‘पहिले पहिल छठी मइया’ गाना है।

शारदा सिन्हा का हाल ही में हॉस्पिटल से नया छठ गीत जारी किया गया था, जो कि लोग काफी पसंद कर रहे हैं। ऐसे में उनके इस गाने को देखने के लिए यहां क्लिक करें।