साल 2014 में रिलीज हुई रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘2 स्टेट्स’ को लोगों ने काफी पसंद किया। इसमें नार्थ-साउथ वाला रोमांस, शानदार साउंडट्रैक देखने को मिला, जिसने लोगों को दीवाना बना दिया। फिल्म में आलिया भट्ट और अर्जुन कपूर लीड रोल में नजर आए थे, वहीं यह मूवी चेतन भगत की बुक ‘2 स्टेट्स’ पर ही आधारित थी। हालांकि, अर्जुन-आलिया इस फिल्म के लिए मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे। इस बात का खुलासा हाल ही में चेतन भगत ने किया है।

हाल ही में पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में ‘2 स्टेट्स’ के लेखक चेतन भगत ने माना कि जब लीड रोल में नए एक्टर्स को कास्ट किया गया तो उन्हें निराशा हुई, खासकर यह सुनने के बाद कि पहले शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा जैसे टॉप स्टार्स के नामों पर विचार किया जा रहा था, लेकिन फिर जब फिल्म रिलीज हुई और उन्होंने आलिया-अर्जुन की परफॉर्मेंस देखी तो वह शॉक्ड रह गए।

यह भी पढ़ें:

शाहरुख-प्रियंका थे पहली पसंद

इंटरव्यू में चेतन भगत ने कहा, “2 स्टेट्स के लिए बड़े स्टार्स के बारे में बात हो रही थी। शाहरुख खान का नाम भी सोचा जा रहा था। एक समय ऐसा भी था जब विशाल भारद्वाज इसे बनाने वाले थे। फिर सैफ अली खान और प्रियंका चोपड़ा जैसे नामों पर भी चर्चा हुई। मुझे लगता है कि उस समय कास्टिंग को लेकर कई आर्टिकल और अटकलें लगाई जा रही थी।”

अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने आगे कहा, “फिर जब यह कहा गया कि डायरेक्टर नया है, लीड एक्टर अर्जुन कपूर हैं, जिन्होंने सिर्फ एक फिल्म (इश्कजादे) की थी। साथ में आलिया भट्ट थीं और उन्होंने भी सिर्फ एक फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ की थी, तो मुझे यकीन नहीं हुआ। दरअसल, यह वह नहीं था जिस पर शुरू में बात हुई थी, लेकिन बाद में यह कमाल की कास्टिंग साबित हुई। उनकी फ्रेशनेस ने फिल्म को वह बनाया जो वह थी।”

‘काई पो चे’ के समय भी हुई थी यही चीज

चेतन भगत ने अपनी किताब ‘द 3 मिस्टेक्स ऑफ माय लाइफ’ के एक और सफल एडैप्टेशन ‘काई पो चे!’ को बनाते समय इसी तरह का सामना किया था। उन्होंने कहा, “‘काई पो चे’ के लिए भी हमारे पास बिल्कुल नए एक्टर थे। हमने सबसे बात की और सबने मना कर दिया।

सभी स्टार्स ने इसे रिजेक्ट कर दिया, इसलिए हमें सुशांत सिंह राजपूत को कास्ट करना पड़ा, जो उस समय एक टीवी एक्टर थे। साथ में राजकुमार राव और अमित साध भी थे, जो जाने-माने नाम नहीं थे। मुझे फिल्म से बहुत कम उम्मीद थी, लेकिन यह सबसे अच्छे एडैप्टेशन में से एक बन गई और अब तीनों ही जाने-माने स्टार हैं।”

यह भी पढ़ें: क्रिसमस पर होगा बॉक्स ऑफिस का बड़ा क्लैश! अमिताभ बच्चन के नाती से टक्कर लेंगे कार्तिक आर्यन, देखें फिल्म की डिटेल्स