बॉलीवुड के दिवंगत कलाकार और निर्माता सतीश कौशिक का 9 मार्च को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से बॉलीवुड इंडस्ट्री में मातम सा छा गया था। सतीश कौशिक भले ही अब इस दुनिया में नहीं है लेकिन उनकी बनाई हुई फिल्में और दमदार अदाकारी से वह हमेशा ही लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे। सतीश कौशिक ने यूं तो कई फिल्मों में काम किया, जिनमें ‘जाने भी दो यारों’, ‘जमाई राजा’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘चल मेरे भाई’, ‘हमारा दिल आपके पास है’, ‘ब्रिक लेन’, ‘उड़ता पंजाब’, ‘मिस्टर इंडिया’, ‘मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी’ जैसी कई नामी फिल्मों में काम किया है। हालांकि, उन्हें असली पहचान ‘मिस्टर इंडिया’ से मिली, जिसमें उन्होंने ‘कैलेंडर’ का रोल प्ले किया था।
सतीश कौशिक ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की थी। एक्टर एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते थे। वह अपने माता पिता के दिल्ली के करोल बाग में रहते थे। उनके 5 और भाई-बहन थे। पिता हरिसन ताला कंपनी में काम करते थे और वो 300 रुपये में अपना पूरा परिवार चलाते थे। सतीश कौशिक का बचपन बेहद गरीबी में बीता। आज हम आपके उनके जीवन के संघर्ष की कहानी बताने जा रहे हैं।
कपड़ा मिल में किया काम
सतीश कौशिक अपने पिता के बेहद करीब थे। जब सतीश ने अपने पिता को इतनी मेहनत करते देखा तो उन्होंने कुछ बड़ा करने का मन बना लिया था। वह एक्टिंग करना चाहते थे। जब उन्होंने इस बारे में अपने पिता को बताया तो तो उन्हें ये बात पसंद नहीं आई और यहां तक कह दिया कि ये इंडस्ट्री हमारे लिए नहीं है। वहीं जब सतीश ने अपने बड़े भाई को अपने इस सपने के बारे में बताया तो उन्होंने गुस्से में एक्टर को चारपाई दे मारी थी, लेकिन इसके बाद उनके बड़े भाई मान गए और उन्होंने सतीश को मुंबई भेज दिया। फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाने का सपना लिए मुंबई पहुंचे। मुंबई में पिताजी के एक दोस्त की मदद से एक कपड़ा मिल में काम मिल गया, जहां वो अकाउंट का काम देखा करते थे।
पहली फिल्म से मिले 200 रुपये
सतीश ने अपने करियर की शुरूआत बोनी कपूर की फिल्म ‘जीना इसी का नाम है’ से की थी। इस फिल्म में एक्टर ने एक फ्लावर वेंडर का किरदार निभाया था। बोनी ने 200 रुपये फीस देने का वादा किया। फिल्म में रोल भले ही छोटा था, लेकिन उनकी एक्टिंग बोनी कपूर को बेहद पसंद आई थी। इसलिए बोनी कपूर ने सतीश को 200 की जगह 500 रुपये दिए थे। बोनी कपूर को सतीश काम इतना पसंद आया कि उन्होंने अपनी अगली फिल्म मिस्टर इंडिया में भी सतीश को लेने का मन बना लिया। इस फिल्म के बाद वह अनिल कपूर और बोनी कपूर की फैमिली के भी काफी क्लोज हो गए थे।
सुसाइड करना चाहते थे सतीश कौशिक
एक इंटरव्यू के दौरान बोनी कपूर ने सतीश के बारे में बात करते हुए कहा था कि सतीश सुसाइड करने तक के लिए तैयार थे। ‘सतीश कभी चलती गाड़ी से उतरना चाहते थे तो कभी होटल के कमरे से जंप करना चाह रहे थे। ये बात हैदराबाद तक चली गई थी।’ इस पर सतीश ने भी एक किस्सा शेयर करते हुए बताया था कि ‘मेरी किस्मत थी कि मैं फर्स्ट फ्लोर पर था। और नीचे ग्राउड फ्लोर पर खाना लगा हुआ था। मैंने कहा कि मैं अगर यहां से कूद पड़ा और कहीं मैं नीचे खाने में गिरा तो लोग कहेंगे कि अरे यार ये कहीं खाने के चक्कर में तो नहीं गिर पड़ा! लोग सुसाइड को भी सीरियसली नहीं लेंगे।’