कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हाल ही में यूपी सरकार पर आरोप लगाया है कि उनके बच्चों के इंस्टाग्राम एकाउंट तक हैक किये गए हैं। उन्होंने यूपी सरकार पर इस बात को लेकर नाराजगी भी जाहिर की, साथ ही सवाल किया कि क्या सरकार के पास कोई और काम नहीं है? प्रियंका गांधी के इन आरोपों का जिक्र पत्रकार अमिश देवगन ने अपने शो ‘आर-पार’ में भी किया। साथ ही उन्होंने ऐश्वर्या राय से जुड़े मामले भी उठाए, जिसपर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा बरस पड़े। उन्होंने प्रियंका गांधी पर तंज कसने के साथ-साथ राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया।

‘आर-पार’ में अमिश देवगन ने संबित पात्रा से सवाल किया, “आप पर आरोपों की झड़ी है। आप टैपिंग भी करवा रहे हैं, आप इंस्टाग्राम एकाउंट्स की हैकिंग भी करवा रहे हैं। ऐश्वर्या राय बच्चन के पीछे भी आप पड़े हैं और श्राप भी आपको मिल रहा है।” उनके सवालों पर संबित पात्रा हंस पड़े और प्रियंका गांधी पर पलटवार करते हुए बोले, “बड़ा आश्चर्य का विषय है।”

संबित पात्रा ने अपनी बात को बढ़ाते हुए आगे कहा, “प्रियंका गांधी के बच्चों के इंस्टाग्राम एकाउंट की हैकिंग भाजपा कराएगी, अब क्या भाजपा के इतने बुरे दिन आ गए हैं? हम ये सब काम करेंगे? हम उनके बच्चों के एकाउंट देखेंगे? हम तो सोचते थे कि चलो राहुल गांधी तो अमेठी से चले गए, जनता ने उन्हें हरा दिया। अब उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा आई हैं।”

संबित पात्रा ने प्रियंका गांधी और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, “हमें लगता था कि राहुल गांधी 19 होंगे तो प्रियंका गांधी 20 होंगी, सूज-बूझ और सोच समझ में आगे ही होंगी। लेकिन बंद मुट्ठी लाख की खुली मुट्ठी खाक की, ये परिस्थिति है, भाई तो ऐसा, बहन भी वैसी। कल को इनके घर पानी नहीं आया या बिजली चली गई तो बोलेंगे मोदी जी ने बिजली काट दी। अब हमारा यही काम रह गया है?”

अमिश देवगन ने शो में संबित पात्रा से मुलायम सिंह यादव और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की मुलाकात पर भी सवाल किया। इसका जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता बोले, “क्या कोई सीक्रेट डीलिंग है मुलायम सिंह यादव की भाजपा या संघ के साथ? मेरा मानना है कि यह अनौपचारिक बैठक है, पारिवारिक भेंट है। इसमें कोई बुराई नहीं है।”