बीजेपी में शामिल होने के महज चंद घंटों बाद हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में जमकर जलवे दिखाए। इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने किया। सपना का डांस देखने के लिए इस कार्यक्रम में काफी दर्शक मौजूद थे, जो सपना के लटके-झटके देखने के बाद बेकाबू होने लगे। ऐसे में कार्यक्रम को 15 मिनट के लिए रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान मंच पर मौजूद योगी के मंत्री लक्ष्मी नारायण सिंह हाथ जोड़कर लोगों को मनाते रहे, लेकिन वे नहीं माने।

यह था कार्यक्रम का मकसद: जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम का उद्देश्य बृज के कलाकारों का उत्साहवर्धन और बृज की संस्कृति को बढ़ाना था। इसके लिए उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग ने कोसी कलां के मंडी परिसर में ‘बरखा बहार’ कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें हरियाणवी डांसर सपना चौधरी को भी आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने किया।

National Hindi News, 08 July 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें

2 घंटे लेट हो गईं सपना: कार्यक्रम में हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के पहुंचने का वक्त शाम करीब 7 बजे था, लेकिन वह रात करीब 9:15 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। दर्शक तब तक सपना चौधरी का इंतजार करते रहे। सपना चौधरी ने जैसे ही अपना डांस शुरू किया, लोग बेकाबू होने लगे। इसके चलते कार्यक्रम को 15 मिनट के लिए रोक दिया गया।

हाथ जोड़ते रहे मंत्री, नहीं माने लोग: बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण मंच पर मौजूद थे। वह पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर दर्शकों से व्यवस्था बनाने की अपील बार-बार करते दिखे। इसके बाद भी दर्शक नहीं माने तो सपना चौधरी ने खुद माइक संभाला और लोगों को शांत होने के लिए कहा। हालांकि, इसका भी कुछ असर नहीं हुआ।

Bihar News Today, 08 July 2019: बिहार से जुड़ी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

वीडियो बनाने में मशगूल रहे पुलिसकर्मी: सपना चौधरी के कार्यक्रम के सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस फोर्स मौजूद थी। हालांकि, पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था देखने की जगह सपना चौधरी के ठुमके मोबाइल में रिकॉर्ड करते नजर आए। इससे हालात बिगड़ते चले गए। बता दें कि करीब ढाई साल से सपना चौधरी मथुरा में कार्यक्रम करने की कोशिश में थीं, लेकिन प्रशासन अनुमति नहीं दे रहा था।