बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक रोहित शेट्टी इन दिनों अपनी एक्शन वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्ममेकर ने इस सीरीज से ओटीटी डेब्यू किया है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और शिल्पा शेट्टी जैसे तमाम फिल्मी सितारों से सजी रोहित की इस वेब सीरीज को फैंस का पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिलता दिख रहा है। रोहित शेट्टी अजय देवगन से लेकर अक्षय कुमार और शाहरुख खान जैसे सितारों के साथ काम कर चुके हैं। अब हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान रोहित शेट्टी ने शाहरुख खान के साथ मनमुटाव की अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

गौरतलब है कि रोहित शेट्टी ने शाहरुख खान के साथ ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ बनाई थी जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। इस फिल्म दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में थीं। इसके अलावा साल 2015 में रिलीज हुई ‘दिलवाले’ फिल्म में दोनों ने साथ में काम किया।

इस फिल्म के बाद से रोहित शेट्टी और शाहरुख खान ने साथ में दोबारा काम नहीं किया। ऐसे में दोनों के बीच मनमुटाव की खबरें सामने आई थीं। अब इन सभी खबरों को सिरे नकारते हुए फिल्ममेकर ने कहा है कि उनके बीच सब कुछ सही है। 

रोहित शेट्टी ने क्या कहा

दरअसल हाल ही में लल्लनटॉप के साथ एक इंटरव्यू में जब होस्ट ने फैन के एक सवाल को पढ़ते हुए रोहित शेट्टी से शाहरुख खान संग हुई लड़ाई को लेकर सवाल किया तो रोहित शेट्टी ने हंसते हुए कहा कि  ‘ऐसा कुछ नहीं है। कोई अच्छी कहानी मिलने के साथ में… करना है तो फिर वो ऐसी कोई हो वो चेन्नई एक्स्प्रेस से भी बड़ी हो। सबसे खास चीज रहता है कि कभी ऐसा कोई सब्जेक्ट आया तो क्यों नहीं करूंगा मैं। जरूर करूंगा। रोहित शेट्टी के इस जवाब के बाद इतना तो कंफर्म हो गया है कि दोनों के साथ काम करने के कोई आसार नहीं हैं। 

फिल्ममेकर इन फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं

बता दें कि रोहित शेट्टी की वेब सीरीज इंडियन पुलिस फोर्स वेब सीरीज अमेजॉन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हुई है। इस वेब सीरीज में सिद्धार्थ मल्होत्रा, शिल्पा शेट्टी और विवेक ओबरॉय लीड रोल में है। वहीं वर्कफ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी जल्द ही ‘सिंघम अगेन’ लेकर सिनेमाघर पहुंचेंगे। इस मूवी में अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह की तिकड़ी देखने को मिलेगी। साथ ही मूवी में दीपिका पादुकोण और करीना कपूर खान लीड रोल में हैं।