संसद में मानसून सत्र चल रहा है। 18 जुलाई से शुरू हुए। इस सत्र में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो चुकी है। इस दौरान बीजेपी की सीनियर नेता और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपने स्वास्थ्य के चलते संसद नहीं जा रही थीं। लेकिन अब हाल ही में वित्ता मंत्री ने मीडिया से बात की है जिस पर बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने निर्मला सीतारमण पर तंज कसा है।
ऋचा चड्ढा ने किया ट्वीट
बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह लगभग हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। अब एक्ट्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि संसद में आने के लिए बीमार लेकिन और बाइट देने के लिए बिल्कुल स्वस्थ। आपको स्वस्थ देखकर खुशी हुई श्रीमती फिन मिन।
निर्मला सीतारमण ने सोनिया गांधी पर लगाया आरोप
वित्त मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब श्रीमती सोनिया गांधी जी ने हमारी वरिष्ठ महिला सांसद रमा देवी से आकर बात की, तब एक और सांसद ने बगल में आकर पूछा कि क्या बात हो रही है? तब सोनिया जी ने एकदम से कहा कि यू डोन्ट टॉक टू मी। सोनिया गांधी के इस व्यवहार पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पलटवार किया और कहा कि सोनिया गांधी ने धमकी भरे अंदाज में एक सांसद से बात की है।
सदन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ की गई टिप्पणी
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी की अपमानजनक टिप्पणी को लेकर गुरुवार को लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। दरअसल कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’कह कर संबोधित किया था।
उनके इस कथन के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। भाजपा सांसदों ने अधीर रंजन से माफी मांगने की मांग की। वहीं, भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने दावा किया कि सोनिया गांधी के कहने पर अधीर रंजन ने ऐसा कहा है। इसलिए सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए।