Sushant Singh Rajput, Rhea Chakraborty, Bihar Police: सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच करने मुंबई पहुंची बिहार पुलिस से धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार का एक वीडियो सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बिहार पुलिस लोकल असिस्टेंस के लिए क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंची थी। इस दौरान वहां भारी संख्या में मीडियाकर्मी भी मौजूद थे। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बिहार पुलिस कर्मी जब क्राइम ब्रांच के दफ्तर से बाहर निकलते हैं तब मीडियाकर्मी उनसे सवाल पूछने की कोशिश करते हैं।

इस दौरान मुंबई पुलिस के कर्मचारी उन्हें बात नहीं करने देते हैं और धक्का-मुक्की करने लगते हैं। एक अधिकारी पत्रकारों से बात करने का प्रयास करता है तो उसे धक्का देकर एक पुलिस वैन में बैठा दिया जाता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और यूजर्स बिहार पुलिस टीम के साथ मुंबई पुलिस द्वारा अपराधियों जैसा सलूक करने का आरोप लगा रहे हैं।

मुंबई पुलिस ने दी सफाई: उधर, वीडियो वायरल होने और हंगामा मचने पर इस मामले पर मुंबई पुलिस की तरफ से सफाई भी आई। उनकी तरफ से कहा गया कि वे सिर्फ बिहार पुलिस की मदद कर रहे थे। आपको बता दें कि एक दिन पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने भी इस मामले पर ट्वीट किया था और सुशांत केस की निष्पक्ष जांच में मुंबई पुलिस द्वारा अड़ंगा डालने का आरोप लगाया था।

उन्होंने कहा था कि बिहार पुलिस अपना सर्वश्रेष्ठ दे रही है लेकिन मुंबई पुलिस सहयोग नहीं कर रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने लिखा था कि सुशांत केस में दोनों राज्यों की पुलिस के बीच होड़ मची है।

बिहार DGP ने जताई नाराज़गी: आपको बता दें कि मुंबई पहुंची बिहार पुलिस टीम के ऑटो और टैक्सी से चलने की खबरें सामने आई थीं। कहा गया कि मुंबई पुलिस सहयोग नहीं कर रही है। इस मामले पर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने नाराजगी जताई और कहा कि मुंबई पुलिस को सहयोग करना चाहिए और बिहार पुलिस को गाड़ी मुहैया करानी चाहिए।