अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्मों से अधिक अपने बोल्ड फोटोशूट को लेकर चर्चा में हैं। रणवीर ने एक मैगजीन के लिए फोटोशूट कराया था, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था।

जिसके बाद उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया गया था। मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह को एक समन भेजा था और पुलिस स्टेशन में हाज़िर होने के लिए कहा था। अब इस पर नया अपडेट सामने आ रहा है। खबरों के मुताबिक इस सिलसिले में अभिनेता ने बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस से समय की मांग की है।

रणवीर सिंह ने मांगा पुलिस ने समय

मुंबई पुलिस के मुताबिक रणवीर ने पेश होने के लिए दो हफ्ते का वक्त मांगा है। मुंबई पुलिस ने बयान जारी कर बताया है कि आपत्तीजनक फोटोशूट मामले में चेंबूर पुलिस स्टेशन ने रणवीर सिंह को समन भेजा था और कल यानी सोमवार को उन्हें पेश होने के लिए कहा था। हालांकि रणवीर सिंह ने पेश होने के लिए दो हफ्ते का वक्त मांगा है। अब इस मामले में तारीख तय कर के ताज़ा समन भेजा जाएगा।

आईटी एक्ट के सेक्शन 67A के तहत है केस दर्ज

बता दें कि बीते दिनों रणवीर सिंह को नोटिस देने के लिए चेंबुर पुलिस उनके घर पहुंची थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को 16 अगस्त तक यह नोटिस एक्टर को सौंपना था, लेकिन रणवीर मुंबई से बाहर गए हुए थे। ऐसे में पुलिस बिना नोटिस दिए ही वापस लौट आई थी। नोटिस में लिखा था कि रणवीर सिंह को 22 अगस्त को चेंबुर पुलिस में पेशी देनी होगी। रणवीर के खिलाफ IPC की धारा 509, 292, 294, आईटी एक्ट के सेक्शन 67A के तहत केस दर्ज हुआ है।

इन फिल्मों में नजर आएंगे एक्टर

बता दें कि रणवीर हाल ही में नेटफ्लिक्स के इंटरेक्टिव स्पेशल रणवीर वर्सेज वाइल्ड में बेयर ग्रिल्स के साथ नजर आए थे। वहीं, अब अभिनेता एक्ट्रेस आलिया भट्ट, धर्मेंद्र, शबाना आजमी और जया बच्चन के साथ फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में नजर आएंगे।