अयोध्या में राम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) का भव्य उद्घाटन होने वाला है। 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम रखा गया है। इसमें देशभर के बड़े सेलिब्रिटी और अन्य लोग पहुंचने वाले हैं। देशभर का माहौल अभी से ही राममय हो गया है। इस मौके पर अब पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) सोशल मीडिया पर एक के बाद एक राम भजन शेयर कर रहे हैं। बीते दिनों ही उन्होंने जुबिन नौटियाल के राम भजन ‘राम आएंगे’ की तारीफ की थी। इसके बाद अब उन्होंने स्वस्ति मेहुल का राम भजन शेयर किया गया है और इस दिल को छू जाने वाले गाने की उन्होंने खूब तारीफ की है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर स्वस्ति मेहुल के राम भजन का वीडियो शेयर किया है। इसे शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा, ‘स्वस्ति जी का ये भजन एक बार सुन लें तो लंबे समय तक कानों में गूंजता रहता है। आंखों को आंसुओं से, मन को भावों से भर देता है।’ पीएम की पोस्ट से एक बात तो जाहिर की है वो इस राम भजन को सुन मंत्रमुग्ध हो गए और इसके लिरिक्स ने उनके दिल को छू लिया है। इसकी वो तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।

देशभर में हो गया है राममय माहौल

पीएम मोदी की पोस्ट पर लोगों ने भी खूब रिएक्शन दिए हैं। सोशल मीडिया पर जय श्रीराम के नारे लग रहे हैं। लोग खूब वीडियोज और अन्य राम भजन को शेयर कर रहे हैं। राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर लोगों की खुशी की ठिकाना ही नहीं है। पीएम मोदी की पोस्ट पर लोगों के रिएक्शन्स से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है। देश अभी से राममय हो गया है।

अयोध्या में मनेगा अमृत महाउत्सव

आपको बता दें कि अयोध्या में रामलला (शिशु भगवान राम) के प्राण-प्रतिष्ठा (अभिषेक) का समारोह एक सप्ताह पहले ही शुरू हो जाएगा। ये 16 जनवरी से ही शुरू हो जाएंगे। वाराणसी के एक पुजारी लक्ष्मीकांत दीक्षित 22 जनवरी को राम लला के अभिषेक समारोह का मुख्यि अनुष्ठान करेंगे। वहीं, 14 जनवरी से 22 जनवरी तक अयोध्या में अमृत महाउत्सव मनाया जाएगा।

इतना ही नहीं, अयोध्या में 1008 हुंडी महायज्ञ का भी आयोजन किया जाना है। इसमें हजारों श्रद्धालुओं को खाना खिलाया जाएगा। इसका भव्य तरीके से आयोजन किया जा रहा है। राम मंदिर के उद्घाटन के लिए तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है। इसमें लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।