Ram Jethmalani on Sajay Dutt Parliament Member: देश के जाने-माने वकील राम जेठमलानी आज हमारे बीच नहीं रहे। लंबी बीमारी के चलते आज उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। राम जेठमलानी राजनीतिक मुद्दों पर हमेशा से बेबाकी से अपनी बात रखते रहे हैं। कुछ साल पहले राम जेठमलानी ने संजय दत्त को सांसद बनने योग्य नहीं बताया था। जेठमलानी ने कहा था कि यदि दत्त का उम्मीदवार चुने जाना देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा।
1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट केस में उस वक्त फंसे संजय दत्त को लेकर जेठमलानी ने एक बयान में कहा था, ”वह (दत्त) सांसद बनने लायक नहीं है। यदि कोई भी राजनीतिक पार्टी उन्हें उम्मीदवार के तौर पर चुनती है तो यह देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा।” राम जेठमलानी ने कहा था कि वह दत्त के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे और इस लड़ाई में पार्टी ( तत्कालीन सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस) भी उनके साथ है। जेठमलानी ने कहा था, ”आखिर में उन्हें यह संतोष रहेगा कि उन्होंने देश को एक चेतावनी दी थी।” जेठमलानी ने कहा था कि उन्होंने समाजवादी पार्टी को संजय दत्त के लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार चुने जाने के फैसले के खिलाफ विरोध जाहिर किया है।
पेशे से वकील राम जेठमलानी भारतीय जनता पार्टी (BJP) का भी हिस्सा रह चुके हैं। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वह देश के कानून मंत्री थे। हालांकि विवादित बयानों के चलते पार्टी ने इन्हें बाहर निकाल दिया था। इसके बाद जेठमलानी साल 2004 में लखनऊ लोकसभा से वाजपेयी के खिलाफ चुनाव लड़े थे, हालांकि यह चुनाव हार गए थे। साल 2010 में भाजपा ने फिर से इन्हें शामिल कर लिया था और राजस्थान से राज्य सभा का सांसद चुना।
