बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव और संजय मिश्रा अभिनीत फिल्म न्यूटन का ट्रेलर वीडियो रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर की शुरआत संजय मिश्रा पर शूट किए गए एक सीन से होती है जिसमें वह यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि भारतीय चुनाव क्यों इतना विशेष है। इसके बाद एक ब्लैक बोर्ड के सामने खड़े राजकुमार राव नजर आते हैं जो बताते हैं कि उनसे पहले एक और भी न्यूटन हुआ था जिसने कहा था कि जब तक कुछ नहीं बदलोगे… कुछ नहीं बदलेगा। अमित वी मसुर्कर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर को खुद अनुराग कश्यप ने अपने फेसबुक पेज से शेयर किया है। अनुराग ने लिखा- सुपर फिल्म और सुपर ट्रेलर…. सीधे बर्लिन से आपके नजदीकी सिनेमाघरों में… अमित मसुर्कर की ‘न्यूटन’।
अनुराग कश्यप द्वारा इस वीडियो को फेसबुक पर पोस्ट किए जाने के 1 ही घंटे के भीतर इसे तकरीन 4 हजार लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने शेयर किया। बात यदि फिल्म की कहानी की करें तो यह एक आम जिंदगी जी रहे सरकारी क्लर्क की कहानी है। यह क्लर्क कोई और नहीं खुद राजकुमार राव हैं। नक्सलवादी समस्या से जूझ रहे छत्तीसगढ़ के एक छोटे से शहर में उसे चुनाव के दौरान काम करना है। तमाम सुरक्षा के बीच वह यहां पहुंचता है और पूरी ईमानदारी और निर्भीकता से अपना काम करता है। ट्रेलर के हिसाब से यह वीडियो बहुत छोटा लगता है (महज 54 सेकेंड) लेकिन यह इतना ज्यादा दमदार है कि आपके दिमाग पर एक छाप छोड़ जाता है।