रजनीकांत इस वक्त अपनी फिल्म ‘जेलर’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कलेक्शन कर रही है। ये एक ही हफ्ते में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्मों में से एक बन गई है। फिल्म ने पहले ही हफ्ते में 450 करोड़ कमा लिए हैं। रजनीकांत भी जोर-शोर से अपनी फिल्म के प्रमोशन में लगे हैं। पहले झारखंड और अब वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे हैं। जहां वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपनी फिल्म ‘जेलर’ देखेंगे।

सुपरस्टार रजनीकांत शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पहुंचे। राजधानी लखनऊ पहुंचने पर सुपरस्टार ने मीडिया से बातचीत की और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपनी फिल्म ‘जेलर’ देखने की अपनी प्लानिंग भी शेयर की। उन्होंने अपनी फिल्म की सक्सेस को लेकर खुशी जाहिर की। वह तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में हैं। वह इस बीच अयोध्या, काशी और मथुरा के मंदिरों में भगवान के दर्शन करेंगे।

रजनीकांत को भाया झारखंड

साउथ सुपरस्टार इस वक्त अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए अलग-अलग जगह जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश से पहले वह झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे थे। जहां उन्होंने चिन्नामस्ता मंदिर में दर्शन किए थे। रजनीकांत की झारखंड विजिट की कई तस्वीरें भी इंटरनेट पर छाई हुई हैं।

आपको बता दें कि ‘जेलर’ में रजनीकांत ने दो साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है। रजनीकांत की ये फिल्म काफी बड़ी हिट होने वाली है। हमेशा की तरह रजनीकांत को फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है। ये फिल्म 900 स्क्रीन पर रिलीज की गई है। फिल्म ने रजनीकांत जेलर टाइगर के रोल में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा फिल्म में तमन्ना भाटिया, राम्या कृष्णनन, योगी बाबू, विनायकन, मोहनलाल और जैकी श्रॉफ लीड रोल में नजर आ रहे हैं।

रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म

‘जेलर’ के बाद रजनीकांत की अगली फिल्म भी चर्चा का विष्य बनी हुई है। रजनीकांत के साथ उनकी अगली फिल्म में बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन भी नजर आने वाले हैं। कहा जा रहा है कि अमिताभ फिल्म में नेगेटिव रोल में नजर आने वाले हैं। इससे पहले दोनों ने एक साथ फिल्म ‘हम’ में काम किया था, जो 32 साल पहले आई थी। लंबे समय के बाद दोनों एक बार फिर स्क्रीन शेयर करने वाले हैं।