बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका (Priyanka Chopra) चोपड़ा हाल ही में 3 साल बाद भारत आई थीं। इस दौरान वह यूनिसेफ ( UNICEF) के एंबेसडर के तौर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं। वहां एक्ट्रेस ने पुलिस कर्मियों से बातचीत भी की और तमाम चीजों का जायजा लिया। अभिनेत्री का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह उत्तर प्रदेश में महिलाओं से जुड़े अपराध पर चर्चा करती दिख रही हैं।

शाम 7 के बाद होता है डर का माहौल

एक पुलिस अफसर से कह रही हैं कि उत्तर प्रदेश में शाम 7 बजे के बाद महिलाओं को डर लगता है। वायरल वीडियो में प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) महिला पुलिस अधिकारी से मुखातिब होते हुए कहती हैं, ‘तो आप मुझे एक बात बताइए, मतलब यूपी जैसे स्टेट में…मैं भी लखनऊ में ही पली-बढ़ी हूं…यहां एक डर का माहौल तो है…खासकर शाम 7:00 बजे के बाद’। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला पुलिस अधिकारी प्रियंका चोपड़ा के इस कमेंट के जवाब में  मुस्कुराते हुए कहती है कि ‘मैं आपको डाटा दिखाती हूं…’।

‘महिलाओं पर हो रहे अपराध, बहुत काम करना बाकी है’

वायरल वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि प्रियंका चोपड़ा विमेन पावर लाइन (WPL) सुविधा का जायजा ले रही हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं से जुड़े अपराध की शिकायत के लिए विमेन प्रदेश पावर लाइन की सुविधा मौजूद है, जो 24 घंटे संचालित होती है।  प्रियंका चोपड़ा ने अपनाया यह वीडियो इंस्टाग्राम हैंडल पर भी साझा किया है और लिखा है, ‘महिलाओं की सेफ्टी और सिक्योरिटी पर तत्काल बात होनी चाहिए। हमें हर दिन भारत के तमाम कोने से महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध और उत्पीड़न की खबरें सुनने को मिलते हैं। इस दिशा में कानून और पुलिस के नजरिये से अभी बहुत काम किया जाना बाकी है’।

वापस LA लौटीं प्रियंका चोपड़ा

आपको बता दें कि लखनऊ के अपने दौरे में प्रियंका चोपड़ा महिलाओं और लड़कियों से जुड़े तमाम शैक्षणिक संस्थानों और दूसरी जगहों पर भी गईं और उनसे बातचीत की।

इसके तमाम फोटोज और वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से साझा किए हैं। प्रियंका चोपड़ा लॉस एंजिल्स लौट गई हैं। वापस लौटने के बाद उन्होंने पति निक जोनास और बेटी मालती मैरी के साथ तस्वीरें साझा कीं। इसी साल की शुरुआत में उन्होंने सरोगेसी के जरिए बेटी को जन्म दिया था।