ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा पिछले कुछ समय से निक जोनास के साथ अपनी सगाई को लेकर सुर्खियों में हैं। प्रियंका ने आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं की है लेकिन माना जा रहा है कि वे जल्द ही इसकी घोषणा कर सकती है। वे रवीना टंडन के साथ एक तस्वीर में रिंग फिंगर में अंगूठी पहने देखी जा सकती हैं। हाल में मनीष मल्होत्रा की पार्टी में बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए। इन स्टार्स में रवीना टंडन, काजोल, करिश्मा कपूर, जाह्नवी कपूर, सारा अली खान, आदित्य रॉय कपूर जैसे सितारे शामिल थे। इसी मौके पर रवीना टंडन ने अपनी कई तस्वीरें शेयर कीं। इन्हीं तस्वीरों में प्रिंयका को रिंग फिंगर में एक अंगूठी पहने देखा जा सकता है। इससे पहले प्रियंका ने दो बार एयरपोर्ट पर फोटोग्राफर्स से अपनी अंगूठी को छिपाया था।
गौरतलब है कि कई डिनर डेट्स के बाद निक जोनास, प्रियंका के साथ भारत आए थे। निक ने प्रियंका की मां मधु चोपड़ा से भी मुलाकात की थी। मधु ने इस मुलाकात के बारे में कहा था कि उन्हें निक के साथ ज़्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिला। पिछले साल मेट गाला के अवसर पर प्रियंका और निक एक साथ पहुंचे थे। प्रियंका और निक. दोनों ने ही उस दिन राल्फ लॉरेन के डिज़ाइनर कपड़े पहने थे, यही कारण था कि दोनों ने साथ में मेट गाला 2017 में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस घटना के बाद ही प्रियंका और निक के रिश्ते को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई थी।
प्रियंका सलमान खान की फिल्म को ऐन वक्त पर छोड़ने के चलते भी चर्चा में थीं। माना जा रहा था कि इस मल्टीस्टारर प्रोजेक्ट से हटने के चलते सलमान प्रियंका से काफी नाराज़ हुए थे। खबरें ये भी थी कि प्रियंका ने निक जोनास के साथ सगाई के चलते इस फिल्म को छोड़ा है लेकिन कुछ दिनों में ये साफ हो गया था कि प्रियंका ने एक हॉलीवुड फिल्म के लिए सलमान की फिल्म छोड़ी थी। सलमान के बाद प्रियंका ने मशहूर डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को भी झटका दिया था। फिल्म ‘भारत’ की तरह ही प्रियंका ने इस प्रोजेक्ट से भी किनारा कर लिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, भंसाली इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित थे और वे ये फिल्म प्रियंका के साथ ही बनाना चाहते थे। यही कारण है कि प्रियंका के इस फिल्म से अलग हो जाने के बाद संजय ने भी इस प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया था।