बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और AAP नेता राघव चड्ढा के रिश्ते की खबर इस वक्त इंटरनेट पर छाई हुई है। हालांकि इन दोनों और इनके परिवार की ओर से इस खबर को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। परिणीति इस वक्त दिल्ली में है और जब वह आईं तो उन्हें लेने खुद राघव चड्ढा एयरपोर्ट पहुंचे थे। जिसके बाद शादी की खबर के चर्चे और तेज हो गए हैं। इसी बीच प्रियंका चोपड़ा के इंडिया आने की खबर सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि वह परिणीति और राघव की शादी के लिए भारत आने वाली हैं।
करेंगी Citadel का प्रमोशन
वहीं दूसरी तरफ प्रियंका की सीरीज ‘सिटाडेल’ भी रिलीज होने वाली है। ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि एक्ट्रेस का आना इस सीरीज के प्रमोशन के लिए भी हो सकता है। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है प्रियंका, परिणीति के रोके में शामिल होने के लिए आ रही हैं। फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि उनके आने का असली कारण क्या है।
दिल्ली में घूम रहीं परिणीति
शादी की खबरों के बीच परिणीति दिल्ली के गलियारों में घूम रही हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह मोमोज खाती नजर आ रही हैं। इसपर यूजर्स उनसे तरह-तरह के सवाल कर रहे हैं।
हाल ही में परिणीति को पैपराजी ने एयरपोर्ट पर स्पॉट किया था। मीडिया ने उनसे उनके और राघव के रिश्ते और शादी को लेकर कई सवाल किए, लेकिन एक्ट्रेस मुस्कुराते हुए आगे बढ़ती गईं। एक पल ऐसा भी था जब वह चेहरे पर हाथ रखकर ब्लश करती दिखीं।
सिंगर ने किया कंफर्म
हार्डी संधु जो परिणीति के साथ एक फिल्म में काम कर चुके हैं, उन्होंने डीएनए के साथ इंटरव्यू में बताया है कि परिणीति शादी कर रही हैं और इस बात की उन्हें बहुत खुशी है। उन्होंने कहा कि कॉल पर वह परिणीति को शादी की बधाई भी दे चुके हैं। इससे पहले आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा ने भी दोनों को ट्विटर पर बधाई दी थी।
6 अप्रैल को हो रही है शादी?
सूत्रों की मानें तो परिणीति और राघव 6 अप्रैल को एक दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि जनसत्ता.कॉम इस खबर की पुष्टि नहीं करता है।