प्रियांकित यानी प्रियंका चाहर चौधरी और अंकित गुप्ता टीवी का वो कपल है रील लाइफ से रियल लाइफ तक साथ है। दोनों ने साथ में ‘उड़ारियां’ सीरियल में काम किया था और वहीं से इनकी दोस्ती शुरू हुई। इसके बाद दोनों ने ‘बिग बॉस 16’ में हिस्सा लिया, जहां इनका प्यार साफ देखने को मिला। कथित तौर पर दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं और अब खबर आ रही है कि इस साल के अंत तक दोनों शादी कर लेंगे। इस खबर पर अब प्रियंका ने चुप्पी तोड़ी है।

प्रियंका और अंकित के फैंस उन्हें हमेशा साथ देखना चाहते हैं और अब जब इनकी शादी की खबर सामने आई तो फैंस बेहद खुश हो गए। लेकिन तभी प्रियंका ने सबकी खुशियों पर पानी फेर दिया। उन्होंने इस खबर को एक मजाक बता दिया। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा,”ये मार्च है, लेकिन लगता है कुछ पोर्टल का अप्रैल फूल जल्दी आ गया।”

इससे अब ये तो साफ हो गया है कि अंकित और प्रियंका इस साल के अंत में शादी नहीं कर रहे हैं। लेकिन दोनों एक दूसरे के साथ हैं। दोनों इंस्टाग्राम पर एक साथ कई रील्स शेयर करते हैं, जिनपर उनके फैंस ढेर सारा प्यार लुटाते हैं।

अंकित गुप्ता और प्रियंका का रिश्ता काफी अलग रहा है। ‘बिग बॉस 16’ में दोनों के बीच तकरार और प्यार दोनों देखने को मिलता था। लेकिन झगड़ा होने पर प्रियंका के बिना अंकित काफी उदास नजर आते थे। प्रियंका ने हमेशा ही अंकित के लिए अपनी फीलिंग्स का खुल्लम खुल्ला इजहार किया है, लेकिन अंकित ने इसपर बात करने से हमेशा परहेज किया।

शो के बाद अंकित ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह अपने और प्रियंका के रिश्ते को कोई टैग नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा था, “मैं अपने और प्रियंका के रिश्ते को कोई टैग या लेबल नहीं देना चाहता। क्योंकि हम खुद भी इस रिश्ते से ये ही चाहते हैं। मैं तब नाम दूं जब दो लोग एक ही चीज चाहे। प्रियंका बहुत इमोशनल इंसान है और वो पारिवारिक लड़की है। जब वह रिलेशनशिप में आती है तो वह एक परिवार भी चाहती है और दूसरी तरफ मैं बहुत इंडिपेंडेंट हूं और ऐसा इंसान हूं जो शादी जैसी चीजों पर विश्वास नहीं करता। जब मैं किसी चीज पर विश्वास नहीं करता और मुझे पता है कि हमारा भविष्य क्या होगा तो मैं जबरदस्ती किसी रिश्ते में क्यों पड़ूंगा और उस खास रिश्ता और दोस्ती को बर्बाद क्यों करूंगा जो अभी हमारे बीच है।”