भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने एक्टर और सिंगर पवन सिंह (Pawan Singh) अपनी बेहतरीन गायिकी के लिए जाने जाते हैं। फैंस उनके गानों और फिल्मों की रिलीज का बेसब्री से इंतजार करते हैं। उन्हें भोजपुरी का पावरस्टार भी कहा जाता है। फिल्मों और म्यूजिक वीडियोज के साथ-साथ एक्टर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में खूब रहते हैं। फिर चाहे अक्षरा सिंह के साथ अफेयर रहा हो या फिर वाइफ ज्योति सिंह के साथ विवाद। ऐसे में अब पवन सिंह का पत्नी के साथ तमाम विवादों के बाद पैचअप हो गया है। इस बात के गवाह हम नहीं बल्कि उनका लेटेस्ट वीडियो है, जिसमें इनके बीच कमाल की बॉन्डिंग देखने के लिए मिल रही है और वो सालों बाद अपने दिल की बात कर रहे हैं।

दरअसल, पवन सिंह और ज्योति सिंह को लेकर कुछ समय पहले ही खबर सामने आई थी कि इनके बीच पैचअप होने वाला है। इसके रिश्ते को सुधारने में कई लोगों के हाथ होने की बात कही जा रही थी। पिछले दिनों खबर ये भी आई थी कि पवन और ज्योति ने हाल ही में लखनऊ में मुलाकात भी की थी। पवन और ज्योति के बीच भयंकर विवाद रहे हैं। ज्योति ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप भी लगाए थे। इसमें उन्होंने कहा था कि पति ने गर्भपात करवाया साथ ही वो उनके साथ घरेलू हिंसा करते थे। ऐसे में तलाक का मामला बलिया कोर्ट में चल रहा था।

ज्योति सिंह ने पवन सिंह के साथ शेयर किया वीडियो

अब इन सब विवादों के बीच फैंस लगातार अनुरोध कर रहे थे कि पवन और ज्योति फिर से साथ हो जाएं। ऐसे में अब इनके पैचअप की खबर ने फैंस की जान में जान डाल दी है। ऊपर से जब इनका लेटेस्ट वीडियो साथ में आ गया तो वो सोने पर सुहागा हो गया। ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर पवन सिंह के साथ वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो उनके बेहद करीब नजर आ रही हैं। पावरस्टार भी उन पर प्यार लुटा रहे हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में ज्योति और पवन सिंह को साथ में सालों बाद दिल की बातें करते हुए देखा जा सकता है। इस पर लोग जमकर रिएक्शन दे रहे हैं। उनकी खुशी का ठिकाना ही नहीं है।

फैंस ने की सलामती की दुआ

पवन सिंह और ज्योति सिंह के वीडियो पर लोगों के रिएक्शन की बात की जाए तो एक ने लिखा, ‘क्या बात है दिल गुर्दा फेफड़ा सब जीत लिए।’ दूसरे ने लिखा, ‘दुनिया की सबसे खूबसूरत जोड़ी राम-सिया के जैसी। आप दोनों की जोड़ी भगवान हमेशा सलामत रखे।’ तीसरे ने लिखा, ‘अब जल्दी से एक पवन दे दो।’ इसके साथ ही एक अन्य ने लिखा, ‘आप दोनों ऐसे ही रहिए अच्छे लगते हैं।’ इसी तरह से लोग इस पर खूब कमेंट्स कर रहे हैं।

पवन सिंह की दूसरी वाइफ हैं ज्योति सिंह

आपको बता दें कि ज्योति सिंह, पवन सिंह की दूसरी वाइफ हैं। इससे पहले भोजपुरी स्टार ने नीलम देवी के साथ शादी की थी। उन्होंने शादी के एक साल बाद ही 2015 में मुंबई में सुसाइड कर लिया था। नीलम से एक्टर ने लव मैरिज की थी और वो उनके बड़े भाई की साली थीं। पवन की मां ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पवन सिंह ने अपनी लव स्टोरी पर फिल्म ‘भइया के साली ओढ़निया वाली’ भी बनाया था। पहली पत्नी के निधन के बाद एक्टर ने ज्योति सिंह से 2018 में शादी की थी। शादी के कुछ समय के बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए थे और वो अलग रहने लगे थे। लेकिन, अब सब कुछ ठीक होता दिख रहा है।