आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा 24 सितंबर 2023 को उदयपुर के लीला पैलेस में शादी कर रहे हैं। सभी रिश्तेदार व मेहमान भी होटल पहुंच चुके हैं। इस दौरान कई बड़ी सियासी हस्तियों से लेकर बॉलीवुड के कई स्टार नजर आए। शादी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मुख्य अतिथि के तौर पर उदयपुर पहुंचे हैं। ऐसे में हम राघव-परिणीति की नेटवर्थ और एजुकेशन से रूबरू करवाने जा रहे हैं।
परिणीति चोपड़ा के बारे में जानिए
बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा का जन्म हरियाणा के अंबाला में 22 अक्टूबर 1988 को हुआ था। परिणीति चोपड़ा पढ़ाई में काफी अच्छी रही हैं। एक्ट्रेस ने 12वीं में देशभर में टॉप किया था और उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया था। परिणीति ने बिजनेस, फाइनेंस और इकोनॉमिक्स में लंदन से ऑनर्स डिग्री हासिल की है। परिणीति एक्ट्रेस बनने से पहले बैंकर बनना चाहती थीं।
लेकिन भारत आने के बाद एक्ट्रेस ने साल 2011 में बॉलीवुड डेब्यू किया था। एक सफल एक्ट्रेस होने के साथ-साथ परिणीति एक ट्रेंड क्लासिकल सिंगर हैं। वहीं अब अगर परिणीति की नेटवर्थ की बात करें तो एक्ट्रेस कुल नेटवर्थ 60 करोड़ रुपये है। फिल्मों के अलावा परिणीति ब्रांड एंडोर्समेंट से भी अच्छी कमाई करती हैं।
कितने अमीर हैं राघव चड्ढा
वहीं अब अगर बात राघव चड्ढा की करें तो आप नेता का जन्म 11 नवंबर 1988 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने 2009 में दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है। वहीं 2011 में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया दिल्ली से चार्टर्ड अकाउंटेंट किया। राघव को हमेशा से ही राजनीति में दिलचस्पी थी। साल 2019 में उन्होंने पहली बार लोकसभा चुनाव में दक्षिण दिल्ली सीट से किस्मत आजमाई थी। फरवरी 2020 में राघव दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजेंद्र नगर सीट से मैदान में उतरे।
इस बार उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार आरपी सिंह के खिलाफ जीत हासिल की। इसके बाद उन्हें जल बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद साल 2022 में दिल्ली के विधायक के रूप में इस्तीफा देकर आप नेता 33 साल की उम्र में सबसे कम उम्र के राज्यसभा सांसद बन गए। इसी बीच इंडिया फैशन अवार्ड्स द्वारा उन्हें सबसे स्टाइलिश राजनेता से सम्मानित किया गया। वहीं अगर राघव की नेटवर्थ की बात करें तो चुनावी एफिडेविट के मुताबिक उनके पास कुल 50 लाख की संपत्ति है। जबकि उनकी चल संपत्ति 37 लाख रुपए की है।