KBC 11 : पाकिस्तान के फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से केबीसी (Kaun Banega Crorepati) के नाम पर भारतीय लोगों को फंसाने का काम हो रहा है। सुरक्षा बलों ने एक पड़ताल में इन बातों का पता लगाया है। इस फर्जीवाड़े को लेकर रक्षा मंत्रालय की ओर से एक सुरक्षा एडवाइजरी भी जारी की गई है। इसमें लोगों को चेताया गया है कि केबीसी में जाने का मौका देने के बहाने आपको एक फर्जी वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने को कहा जाएगा। एक बार जुड़ गए तो फिर लोगों से तमाम जरूरी जानकारियां भी वे हासिल कर लेते हैं। इसमें आपके बैंक अकाउंट से लेकर सोशल अकाउंट तक की पूरी जानकारी भी मांग सकते हैं। तो इसलिए ऐसे किसी भी ग्रुप से न जुड़ें। इस एडवाइजरी में दो नंबर का जिक्र किया गया है जिसके जरिए व्हाट्सएप ग्रुप संचालित किया जा रहा है। ऐसे नंबर से लोगों को अलग हो जाने की सलाह दी गई है।

इस ग्रुप से जुड़ने के बाद कोई आपसे कहेगा कि आप अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर सीधे पहुंच सकते हैं तो कोई कहेगा कि केबीसी के लिए रजिस्ट्रेशन चल रहा है। पर आपको ऐसे तमाम पाकिस्तानी लोगों से सावधान रहना है। वे आपसे आपकी जरूरी जानकारियां चुरा सकते हैं।

ए़डवाइजरी में लोगों को फोन में कुछ सेटिंग्स कर बचने का तरीका बताया गया है। इसके मुताबिक अपने वॉट्सऐप को इस तरह से कन्फीगर करें ताकि जिनके नंबर आपके फोन में हैं सिर्फ वह ही आपको ग्रुप में जोड़ पाए। ऐसा करने से आपको कोई और ग्रुप में जोड़ नहीं पाएगा। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि पाक ऐसा कर प्रोपेगेंडा फैलाने की फिराक में है।

मालूम हो कि जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान की जासूसी एजेंसियां लोगों के बीच गलत जानकारी फैलाने में जुटी हुई हैं। इसके लिए वह सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं। इसी क्रम में वे केबीसी के नाम पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश में लगे हैं। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से रक्षा बलों को निशाना बना रहे हैं।इसके साथ ही यह भी बता दें कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सोशल मीडिया पर हनी ट्रेप की जानकारी भी मिली है। इसके जरिए किसी लड़की के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर सेना के जवानों और अधिकारियों को फंसाया जाता है।