मुंबई में रेप पीड़िता 32 वर्षीय महिला ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। महिला के साथ साकीनाका में रेप हुआ और रेपिस्ट ने उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड से हमला किया। बेहद गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोग आक्रोशित हैं। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी इस घटना पर अपना गुस्सा जाहिर किया है।
शनिवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में स्वरा भास्कर ने इस घटना को शॉकिंग और शर्मनाक बताया है। उन्होंने पत्रकार कंचन श्रीवास्तव का एक ट्वीट रीट्वीट किया है और कहा है कि कोई शहर, कोई जगह, आदमी को राक्षस बनाने वाली इस बीमारी से अछूता नहीं।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘चौंकाने वाली शर्मनाक घटना! महिलाओं के सामने आने वाली ऐसी भयावहता के लिए शब्द नहीं है। सचमुच, कोई भी शहर, कोई राज्य, कोई जगह, आदमी को राक्षस बनाने वाली इस बीमारी से अछूता नहीं है।’
मुंबई रेप की इस घटना के बाद दिल्ली की निर्भया गैंगरेप मामले की यादें भी ताजा हो गईं हैं। लोग मुंबई रेप में हुई दरिंदगी की तुलना 2012 के दिल्ली गैंगरेप से करते हुए दोषी को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। लोग मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर भी अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने खुद इस मामले की पूरी जानकारी ली है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर से भी चर्चा की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय से जानकारी दी गई है कि मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा और पीड़िता को न्याय मिलेगा।
पुलिस ने इस मामले में 45 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें, रेप और दरिंदगी की यह घटना शुक्रवार की है। वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें आरोपी महिला के साथ रेप के बाद बुरी तरह मारपीट करते दिखा है। फिर उसने लोहे की रॉड से महिला पर हमला किया।
महिला के प्राइवेट पार्ट में भी आरोपी ने रॉड से हमला किया। इसके बाद आरोपी महिला को अधमरी हालत में एक टैंपो में डालकर भाग गया। इसके कुछ समय बाद एक व्यक्ति ने महिला को देखकर पुलिस को फोन किया।