मराठी अभिनेता आशुतोष ने अपने घर में कथित रूप से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। वह मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ शहर में रहते थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि दोपहर जब भाकरे (32) के माता-पिता गणेश नगर इलाके के फ्लैट में आए, तो उन्होंने अभिनेता का शव फंदे से लटका पाया। आशुतोष के निधन के बाद मराठी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। वहीं एक्टर के फैंस भी सदमे में हैं।

बता दें भाकरे मराठी अभिनेत्री मयूरी देशमुख के पति हैं। भाकरे ने ‘भाकर’ और ‘इचार ठरला पक्का’ जैसी फिल्मों में काम किया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक अभिनेता पिछले दिनों से कथित रूप से डिप्रेशन में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में भी आशुतोष भाकरे के डिप्रेशन में होने की बात कही जा रही है। हाल ही में आशुतोष ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो साझा किया था। उस वीडियों में उन्होंने कहा था कि कोई इंसान आत्महत्या क्यों करता है?

गौरतलब है कि आशुतोष ने 2016 में अभिनेत्री मयूरी देशमुख से शादी की थी। मयूरी मराठी की जानी मानी टीवी एक्ट्रेस हैं। मयूरी टीवी शो ‘खुलता काली खुलेना’ (Khulta Kali Khulena) से सुर्खियों में आई थीं। वहीं आशुतोष फिल्म ”इचार ठरला पक्का’ (Ecchar Tharla Pakka) सहित ‘भाकर’ में काम कर चुके थे।

जानकारी के मुताबिक आशुतोष पत्नी मयूरी के साथ नांदेड़ स्थित अपने घर पर रह रहे थे। जब से लॉकडाउन लगा है आशुतोष पत्नी मयूरी के साथ हंसी खुशी साथ रह रहे थे। दोनों के बीच किसी भी तरह का कोई मतभेद भी नहीं था। हालांकि आशुतोष ने खुदकुशी क्यों की, और किस वजह से वह डिप्रेशन में थे, ये अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें, आशुतोष अपने पीछे पत्नी मयूरी देशमुख, माता-पिता और एक भाई को छोड़ गए हैं।

गौरतलब है कि बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने भी 14 जून को बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकार आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है। वहीं सुशांत सिंह के फैंस केस में सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।