देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और 26 दिसंबर को रात करीब 8 बजे उन्हें इमरजेंसी में दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। वह भारत के 13वें प्रधान मंत्री थे, जिन्हें देश के आर्थिक सुधारों के वास्तुकार के रूप में देखा जाता है।
मनमोहन सिंह ने 22 मई 2004 को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी और उनका कार्यकाल 3,656 दिनों तक चला। 26 मई 2014 को उनका कार्यकाल खत्म हुआ। मनमोहन सिंह का सरकारी सेवा में एक लंबा और शानदार करियर रहा था। उन्होंने इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान 1971 में विदेश व्यापार मंत्रालय के आर्थिक सलाहकार के रूप में शुरुआत की। फिर 1972 में, उन्हें वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार नियुक्त किया गया, इस पद पर वे 1976 तक रहे।
बता दें कि मनमोहन सिंह के राजनीतिक करियर को बड़े पर्दे पर भी उतारा गया। जी हां! साल 2019 में मनमोहन सिंह की बायोपिक आई, जिसमें अनुपम खेर ने उनका किरदार निभाया था। फिल्म का नाम था The Accidental Prime Minister और इस में अक्षय खन्ना का रोल भी बहुत अहम था। फिल्म के डायरेक्टर थे विजय रत्नाकर गुट्टे।
ट्रेलर लॉन्च पर हुआ था विवाद
जैसे ही फिल्म का ट्रेलर लॉन्च हुआ था इसे लेकर खूब विवाद खड़ा हो गया था। ट्रेलर लॉन्च के बाद, फिल्म विवादों में घिर गई थी क्योंकि विपक्षी दल ने पूर्व कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी और बेटे राहुल गांधी के रोल को लेकर आपत्ति जताई थी। साथ ही ट्रेलर को गूगल और यूट्यूब से हटाने के लिए याचिका भी दायर की गई थी लेकिन दिल्ली हाई कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया।
एक्टर्स के खिलाफ दर्ज हुई थी FIR
जब फिल्म बड़े पर्दे पर आई थी तो मनमोहन सिंह का किरदार निभा रहे अनुपम खेर और फिल्म “द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर” से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि फिल्म में कई सार्वजनिक हस्तियों का मजाक उड़ाया गया है।
वकील की तरफ से कहा गया था कि फिल्म में पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह की भूमिका निभाने वाले खेर के अलावा, शिकायत में नामित अन्य लोगों में अभिनेता अक्षय खन्ना भी शामिल हैं, जिन्होंने प्रसिद्ध पत्रकार संजय बारू की भूमिका निभाई। जो पूर्व प्रधान मंत्री के मीडिया सलाहकार भी थे।
