Malavika Mohanan Horrific Incident: लड़कियां-महिलाएं रोजमर्रा की जिंदगी में छेड़छाड़ का शिकार होती रहती हैं। इन घटनाओं से फिल्म अभिनेत्रियां तक नहीं बच पाती हैं। हाल ही में श्रीलीला का वीडियो सामने आया था। जब वो कार्तिक आर्यन के साथ किसी इवेंट में जा रही थीं तो उन्हें भीड़ में एक शख्स ने खींच लिया था। अब साउथ की फेमस एक्ट्रेस ने खुद से जुड़ी एक घटना का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ये कॉलेज के दिनों की बात है और वो एक दिन लोकल ट्रेन में दहला देने वाली घटना का शिकार हो गई थीं और उस घटना के बाद वो अंदर तक डर गई थीं। एक अजनबी ने उनसे आकर किस मांगा था। वो एक्ट्रेस कोई और नहीं मालविका मोहनन हैं। उन्होंने अपनी आपबीती बताई है।
मालविका मोहनन ने हाल ही में हाउटरफ्लाई के साथ बातचीत की और इस दौरान कहा कि आज के समय में उन्हें मुंबई बाकी शहरों से ज्यादा सुरक्षित महसूस होता है। क्योंकि उनके पास अपनी गाड़ी और ड्राइवर है। एक्ट्रेस ने बताया कि रोजमर्रा की जिंदगी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने वाली तमाम दूसरी महिलाओं के साथ ऐसा नहीं है। मालविका ने कहा कि लोग अक्सर कहते हैं कि मुंबई महिलाओं के लिए सुरक्षित है। उन्होंने इस नजरिए को बदलने की इच्छा जताई और कहा कि आज उनके पास गाड़ी और ड्राइवर है। ऐसे में अगर उनसे कोई पूछेगा कि मुंबई सुरक्षित है क्या? तो इस पर वो हां कहेंगी।
‘लड़का बोला- किस देगी क्या?’
मालविका आगे कॉलेज के दिनों की एक घटना का जिक्र करती हैं और कहती हैं कि उन्हें याद है कि वो एक बार उनकी दो करीबी दोस्त के साथ लोकल ट्रेन से वापस लौट रही थीं। उस समय करीब 9.30 बज रहे थे और वो फर्स्ट क्लास में थीं। कंपार्टमेंट खाली था। उन तीनों के अलावा बोगी में कोई नहीं था। वो खिड़की की जाली के करीब बैठी थीं। इसी बीच एक लड़का आया, उसने देख लिया था कि तीन लड़कियां बैठी हैं। वो खिड़की की ग्रिल के काफी करीब आया और लगभग अपना चेहरा जाली से सटा दिया। उसने बोला कि एक किस देगी क्या?
‘अगर ट्रेन के अंदर घुस जाता तो क्या होता?’
मालविका मोहनन ने बताया कि इसके बाद वो तीनों फ्रीज हो गई थीं। एक्ट्रेस ने कहा कि उस उम्र में पता नहीं होता है कि ऐसे में किस तरह का रिएक्शन देना चाहिए। अभिनेत्री ने काल्पनिक सवाल किया कि अगर वो कूदकर ट्रेन के अंदर घुस जाता तो क्या होता? साउथ एक्ट्रेस मालविका मोहनन का मानना है कि ये सिर्फ एक घटना थी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर करने वाली तमाम औरतों के साथ हैरेसमेंट और ईव टीजिंग जैसे ना जाने कितने मामले सामने आ ही जाते हैं।
अगर मालविका मोहनन के प्रोफेशनल फ्रंट की बात की जाए तो वो फिल्म Hridayapoorvam में नजर आने वाली हैं। इसमें वो एक्टर मोहनलाल के साथ नजर आने वाली हैं। एक्ट्रेस ने मोहनलाल के साथ अपनी एक फोटो भी शेयर की और फिल्म की टीम प्यार लुटाते हुए नजर आईं।