दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। एक्टर लंबे समय से बीमार थे और 4 अप्रैल 2025 को उनका निधन हो गया। मनोज कुमार अभिनेता दिलीप कुमार के बहुत बड़े फैन थे और उनकी फिल्म ‘शबनम’ देखकर उन्होंने ठान लिया था कि उन्हें भी एक्टर बनना है। मनोज कुमार को भारत कुमार नाम से भी जाना जाता है और उन्होंने अपने करियर में हमेशा साफ सुथरी और प्यारी फिल्में बनाई हैं। जैसा किरदार इनका फिल्मी पर्दे पर होता था वैसा ही रियल लाइफ में भी था। मनोज कुमार की जिंदगी बेहद शांत और साफ रही। उस दौर में जहां हर एक्टर के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स की खबरें आती थीं वहां पर ये मनोज कुमार का नाम किसी भी स्कैंडल या अफेयर में नहीं आता था। चलिए आपको बताते हैं एक्टर मनोज कुमार की लव स्टोरी और फैमिली ट्री के बारे में।

मनोज कुमार की लव स्टोरी

मनोज कुमार का असली नाम हरिकृष्ण गिरि गोस्वामी था, उनकी शादी शशि गोस्वामी से हुई थी, शशि से उनका प्यार पहली नजर वाला था मगर वो प्यार और समर्पण ऐसा रहा कि अंतिम समय तक दोनों ने एक दूसरे का साथ निभाया। मनोज कुमार की पत्नी शशि हमेशा लाइमलाइट से दूर रहीं मगर मनोज कुमार की जिंदगी में अहम रोल निभाया। मनोज कुमार ने भी अपनी पर्सनल लाइफ और प्रोफेशनल लाइफ में संतुलन रखा और इसी वजह से उन्हें एक आइडियल फैमिली मैन के तौर पर देखा जाता है। उन्होंने अपनी जिंदगी बिल्कुल वैसे ही जी जैसे देशभक्ति और आदर्शों से भरी वो फिल्में किया करते थे- साफ, सीधे और ईमानदार। मनोज कुमार की लव स्टोरी सच्ची और सादगी से भरी थी।

मनोज कुमार और शशि गोस्वामी की लव स्टोरी

मनोज कुमार ने दैनिक जागरण को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि शशि से उनका प्यार पहली नजर का था। एक्टर ने बताया था कि जब उन्होंने पहली बार शशि को देखा, तो उन्हें लगा कि यही है मेरी जीवनसाथी। मनोज कुमार ने बताया कि जब वो ग्रेजुएशन कर रहे थे उस वक्त वह पुरानी दिल्ली में अपने एक दोस्त के घर पढ़ाई करने के लिए जाया करते थे वहीं उन्होंने पहली बार शशि को देखा था। डेढ़ साल तक, वे एक-दूसरे को दूर से देखते थे, दोनों मन ही मन एक दूसरे को चाहते थे मगर किसी में सामने से बात करने की हिम्मत नहीं थी। मनोज कुमार ने बताया था कि उन्होंने पहले किसी लड़की को देखकर इस तरह का जादू नहीं महसूस किया था। दोनों ने एक दूसरे को पसंद किया और परिवार की रजामंदी से शादी कर ली। उनकी शादी कोई ग्रैंड वेडिंग नहीं थी और मीडिया की हाइप भी नहीं थी। शादी बेहद शांत और सादी रही और शशि भी हमेशा लाइमलाइट से दूर रहीं। लेकिन वो मनोज कुमार के करियर में मजबूती से उनके साथ खड़ी रहीं।

क्यों मनोज कुमार को कहा जाता था ‘भारत कुमार’? बेहद दिलचस्प है इस नाम के पीछे का किस्सा

मनोज ने हमेशा अपनी वाइफ को अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा माना है। मनोज कुमार और शशि गोस्वामी की लव स्टोरी आपसी समझदारी और सम्मान से भरा था। तमाम हीरोइन्स के साथ काम करने वाले मनोज कुमार का नाम कभी किसी हीरोइन के साथ अफेयर या स्कैंडल में नहीं जुड़ा। फिल्म इंडस्ट्री से ताल्लुक रखने के बावजूद मनोज कुमार की जिंदगी बिल्कुल साफ थी।

मनोज कुमार की फैमिली ट्री

मनोज कुमार 24 जुलाई 1937 को एब्टाबाद में पैदा हुए जो अब पाकिस्तान में हैं। देशभक्ति फिल्में करने की वजह से उन्हें भारत कुमार नाम मिला। जब भारत-पाकिस्तान का बंटवारा हुआ तो मनोज कुमार का परिवार पाकिस्तान से भारत शिफ्ट हो गया। मनोज कुमार के पिता सरकारी कर्मचारी थे। उनका बचपन आर्थिक तंगहाली में गुजरा लेकिन परिवार बेहद सादगी से रहने वाला और संस्कारी था। मनोज कुमार के दो बेटे हैं- एक का नाम करण गोस्वामी है वहीं दूसरे का नाम कुणाल गोस्वामी है। मनोज कुमार के भाई का नाम राजीव गोस्वामी है, राजीव ने भी कुछ फिल्मों में काम किया है।

मनोज कुमार ने इमरजेंसी पर फिल्म बनाने से कर दिया था इनकार, आगे हुआ था कुछ ऐसा