सलमान खान की हत्या की साजिश का मामला इन दिनों काफी गरमाया हुआ है। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद से सलमान खान की सुरक्षा के लिए कड़े इंतेजाम किए गए हैं। उन्हें Y+ सिक्योरिटी दी गई है। इन सबके बीच मुंबई पुलिस एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिश्नोई गैंग के शूटर सुक्खा को गिरफ्तार किया गया। पानीपत से गिरफ्तारी के बाद उसे नवी मुंबई लाया गया है। अब गुरुवार को उसे कोर्ट में भी पेश किया जाना है। इस गिरफ्तारी के बाद नवी मुंबई पुलिस ने एक नई चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें सुक्खा ने सलमान खान की मौत की प्लानिंग को लेकर कई खुलासे किए हैं।
सुक्खा उर्फ सुखबीर बलबीर सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। इस पूछताछ में उसने बताया कि वो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक्टिव मेंबर है और उसने ही बिश्नोई गैंग के सदस्यों को सलमान खान को मारने की सुपारी दी थी। शूटरों को अच्छे-अच्छे हथियार देने से लेकर एक्टर के घर और फार्महाउस की रेकी तक के लिए लड़कों की व्यवस्था की थी। इतना ही नहीं, उसने पाकिस्तान में बैठे अपने आका डोगरा से संपर्क भी किया था।
Pak के हथियार और 70 लड़कों को लगाया था काम पर
पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ चार्जशूट दाखिल की है। पुलिस के मुताबिक, सुक्खा ने बिश्नोई गैंग से सदस्यों के साथ मिलकर सलमान खान को मारने की साजिश को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान से हथियार मंगवाए थे। इसमें एके-47, एम 16 और एके 92 जैसे खतरनाक हथियारों के इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहे थे। इस चार्जशीट में बताया गया कि 70 लोगों द्वारा सलमान पर नजर रखी जा रही थी। इस काम में संपत नेहरा गिरोह के सदस्य भी लगे हुए थे। दोनों ने मिलकर सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास, पनवेल में स्थित फार्महाउस और फिल्म शूटिंग स्थानों पर रेकी भी की। बताया गया है कि सलमान की हत्या की साजिश अगस्त 2023 से अप्रैल 2024 के बीच रची गई थी। सलमान को मारने के लिए 18 से कम उम्र के लड़कों को हायर किया गया था। ये लड़के फिलहाल पुणे, रायगढ़, नवी मुंबई, ठाणे और गुजरात में छुपे हो सकते हैं।
सलमान को मारने के बाद का क्या था प्लान?
इसके साथ ही चार्जशीट में सलमान खान को मारने के बाद के प्लान के बारे में भी बताया गया है। शूटर्स ने आगे तक का प्लान तैयार कर लिया था। इस घटना को अंजाम देने के बाद शूटर्स का प्लान था कि वो सभी कन्याकुमार में इकट्ठा होंगे और फिर नाव से श्रीलंका चले जाएंगे। वहां से फिर किसी और देश में चले जाएंगे। जहां पर भारतीय एजेंसियां उन तक ना पहुंच सकें।
इन सबके बीच क्या आपको पता है सलमान खान को एक बार फिर से धमकी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर एक्टर से 5 करोड़ की फिरौती मांगी गई है और कहा गया है कि अगर नहीं दिए तो उनका हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा। खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।