कवि कुमार विश्वास जितना अपनी कविताओं के लिए जाने जाते हैं, उससे कम चर्चे उनके बयानों के नहीं रहते हैं। कुमार विश्वास ने हिंदी कविताओं के लिए जो प्रेम युवाओं में पैदा किया है वो अतुल्य है। यूथ के बीच वो काफी पॉपुलर हैं। इसी के साथ ही वो अपनी बेबाकी के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में आपने देखा होगा कि बात-बात में बिना नाम लिए कुमार विश्वास ने सोनाक्षी-जहीर की शादी पर तंज कसा था और लोगों को अपने बच्चों को रामायण-महाभारत पढ़ाने की सलाह दी थी। ऐसे में अब वो एक बार फिर से हेडलाइन्स में हैं। इस बार उन्होंने सैफ अली खान पर निशाना साधा है और कहा कि जिस लंगड़े ने रेप किया उसी का नाम ले लिया। चलिए बताते हैं पूरा मामला।
दरअसल, कुमार विश्वास हाल ही में यूपी के मुरादाबाद में कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने बिना किसी का नाम लिए करीना कपूर और सैफ अली खान पर उनके बेटे तैमूर अली खान के नाम को लेकर हमला बोला है। कुमार ने कहा कि मायानगरी में बैठे लोगों को समझने की जरूरत है कि देश क्या चाहता है। कुमार बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहते हैं कि ये नहीं चलेगा कि पैसे और लोकप्रियता यहां भारत के लोगों से ली जाए तो और जब बच्चे होंगे तो उसका नाम बाहर से आए आक्रमणकारियों के नाम पर रख दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये नहीं चलेगा। कुमार ने कहा कि इतने नाम हैं, रिजवान, उस्मान और कुछ भी रख सकते थे लेकिन, क्या एक ही नाम मिला?
कुमार विश्वास बोले- ‘जिस लंगड़े ने किया रेप…’
कुमार विश्वास ने आगे तैमूर के नाम को लेकर सवाल करते हुए कहा कि जिस लंगड़े आदमी (आक्रमणकारी तैमूर) ने हिंदुस्तान में आकर मां बेटियों के साथ दुष्कर्म किया। क्या वही लफंगा मिला इस प्यारे से बच्चे का नाम रखने के लिए? कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अब इस बच्चे को हीरो बनाया जाएगा तो वो खलनायक तक नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत जागा हुआ है, ये नया भारत है।
गौरतलब है कि कुमार विश्वास ने भले ही अपने बयान में कहीं भी सैफ अली खान और उनके बेटे तैमूर का नाम नहीं लिया लेकिन, उनके बयान से साफ है कि वो इन्हीं का जिक्र कर रहे हैं। तैमूर के जन्म के बाद जब सैफ अली खान और करीना ने बेटे का यही नाम रखा था तो भी काफी बवाल मचा था। कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए इस पर सवाल भी उठाए थे।
सोनाक्षी-जहीर की शादी को लेकर क्या बोले थे कुमार विश्वास?
कुमार विश्वास को मौका मिलता है तो वो बॉलीवुड पर भी कटाक्ष करने से पीछे नहीं रहते हैं। इसके पहले उन्होंने मेरठ महोत्सव में सोनाक्षी और जहीर इकबाल की शादी पर भी निशाना साधा था और कहा था, अपने बच्चों को नाम याद करवाइए सीता जी की बहनों का। भगवान राम के भइयों के। एक संकेत दे रहा हूं, जो समझ जाएं उनकी तालियां उठे। अपने बच्चों को रामायण सुनवाइए-गीता पढ़वाइए। अन्यथा ऐसा ना हो कि आपके घर का नाम तो ‘रामायण’ हो लेकिन आपके घर की ‘श्रीलक्ष्मी’ को कोई ओर उठाकर ले जाये।’ उनके इस बयान की भी काफी चर्चा रही थी और कइयों ने उनके इस बयान का विरोध भी किया था।
आपने कुमार विश्वास के सैफ पर कसे तंज को तो पढ़ लिया। इसके साथ ही सोनाक्षी जहीर की शादी को लेकर दिए कुमार के बयान को पूरा पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।