Delhi Case: दिल्ली के सुल्तानपुरी के कंझावला (Delhi Kanjhawala Accident) इलाके हुए दर्दनाक सड़क हादसे और लड़की की लाश को कार से घसीटने के मामले में मृतका की सहेली के बयान दर्ज किए है। मृतका की सहेली घटना के वक्त मौजूद थी और इस पूरे मामले में वह मुख्य गवाह भी है। अंजली का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जा चुका है।

दिल्ली में घटित हुई इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश है। इसी बीच कवि कुमार विश्वास (Kumar Vishwas) का इस घटना पर दर्द छलका है। उन्होंने दिल्ली में दस साल पहले हुए निर्भया रेप केस को याद करते हुए कहा कि दिल्ली में आज भी कुछ नहीं बदला है। इसी के साथ उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस में अहम बदलाव की आवश्यकता है।

कंझावला केस पर बोले कुमार विश्वास

दिल्ली के कंझावला केस को लेकर कवि और पूर्व राजनेता डॉ कुमार विश्वास ने ट्वीट करते हुए लिखा कि “पीठ पर आज भी ताजा हैं वो लाठियां, आंसू-गैस के गोले और वाटर-कैनन। दामिनी से अंजली तक, 10 साल में कुछ नहीं बदला। ना सियासत न पुलिस। दिल्ली-पुलिस का आमूल-चूल ओवरहाल आवश्यक है। देश की राजधानी में जितनी साधन-सम्पन्न व अत्याधुनिक पुलिस होनी चाहिए, दिल्ली-पुलिस उस चेहरे से दशकों पीछे है।”

किरण बेदी ने भी किया ट्वीट

वहीं इस घटना पर पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रहीं किरण बेदी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि “इस घटना से 3 बातें सामने आती हैं। पहला है पुलिस की प्रतिक्रिया करने की प्रणाली में देरी होना। दूसरा, लोगों में क़ानून का भय न रहना और तीसरा पुलिस का नागरिक एजेंसियों के साथ एकीकरण न होना। अगर सड़क पर रोशनी नहीं होगी तो कौन किसे सूचना देगा?”

सैलून में काम करती थीं अंजली

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक अंजली महज 20 साल की थीं। वह अपने घर में अकेली कमाने वाली थीं। उन पर अपने पांच भाई-बहनों की जिम्मेदारी थी। अंजली को पंजाबी गाने बेहद पसंद थे। उन्हें इंस्टाग्राम रील्स बनाना और मेकअप करना भी बेहद पसंद था। करीब आठ-नौ साल पहले सपना ने अपने पिता को खो दिया था और मां गुर्दे की समस्या से पीड़ित हैं। मां की बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण सपना को 10वीं कक्षा में स्कूल की पढाई छोड़नी पड़ी थी। अपने परिवार को सहारा देने के लिए वह सैलून में नौकरी करने के साथ ही शादियों में भी काम किया करती थीं। जिससे वह 500 से 1,000 रुपये कमाती थी।