सिने अभिनेता अमिताभ बच्चन के शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित मिलने पर उनके फैंस, बॉलीवुड, सिनेमा जगत से लेकर राजनीतिक हस्तियों तक में खलबली मच गई। स्वयं अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर अपने और अभिषेक बच्चन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी थी। संक्रमण की जानकारी के बाद उनके परिवार के अन्य सदस्यों, स्टाफ और दूसरे लोगों की भी जांच की गई। देर रात जया बच्चन, ऐश्वर्य राय बच्चन और आराध्या की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। बाकी सदस्यों की रिपोर्ट रविवार सुबह तक मिलने की संभावना है।

अमिताभ बच्चन के ट्वीट के कुछ ही मिनट बाद ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया वेबसाइट पर शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना वाले संदेश पोस्ट करने लगे। मलयालम अभिनेता मम्मूट्टी ने कहा, “आप शीघ्र स्वस्थ हों।” कुणाल कोहली ने लिखा, “ध्यान रखें सर। हम सभी आपसे प्यार करते हैं। हम आपके उस ट्वीट का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें लिखा होगा कि आप ठीक हैं और वापस घर जा रहे हैं।”

अभिनेत्री बिपाशा बसु ने कहा कि वह अमिताभ जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं। दक्षिण के सुपरस्टार महेश बाबू और दुलकर सलमान के अलावा पंकज त्रिपाठी, निमरत कौर, राजकुमार राव और निर्देशक हंसल मेहता ने भी अपने संदेश में अमिताभ के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सोनम कपूर ने ट्वीट किया, “अमित अंकल शीघ्र स्वस्थ हों। मेरी प्रार्थनाएं आपके साथ हैं।” कोविड-19 संकट की शुरुआत से ही अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे हैं और महामारी के बारे में जागरूकता फैलाते रहे हैं।

इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ट्वीट किया “सबसे आकर्षक मुस्कान के साथ एक युवा, शानदार अभिनेता के लिए मेरी शुभकामनाएं। अपना ख्याल रखना प्रिय अभिषेक बच्चन और आपके पिता अमिताभ बच्चन जी भी। यकीन है कि आप दोनों जल्द ही स्वस्थ होकर घर लौटेंगे। आप दोनों मेरे दिलों में राज करते हैं।”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उनके शीघ स्वस्थ होने की कामना करते हुए ट्वीट किया, ‘‘अमिताभ बच्चन जी की जांच में कोविड-19 की पुष्टि की जानकारी मिलने पर बहुत दुख हुआ। उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रही हूं। बच्चन जी जल्दी स्वस्थ हों।”

इससे पहले 77 वर्षीय अमिताभ बच्चन को मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों ने उन्हें अलग वार्ड में रखने की जानकारी दी।

इसके कुछ देर बाद अभिषेक बच्चन ने ट्वीट किया, “आज मेरे पिता और मुझमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। हम दोनों को हल्के लक्षण हैं और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमने सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया है और हमारे परिवार तथा सभी स्टाफ सदस्यों की जांच की जा रही है।” उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “बीएमसी के अधिकारी संपर्क में हैं और हम उनके मुताबिक नियमों का पालन कर रहे हैं।”