इन दिनों बॉलीवुड फिल्मों के आते ही सोशल मीडिया पर उनका बायकॉट ट्रेंड शुरू हो जाता है। देश में बीते लंबे समय से लगातार ही फिल्मों को लेकर यह ट्रेंड चल रहा है। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shahrukh Khan) की फिल्म ‘पठान'(Pathaan) का बहिष्कार किया जा रहा है, जिसकी वजह है फिल्म का गाना ‘बेशर्म रंग।’
दरअसल इस गाने में दीपिका (Deepika Padukone) ने ‘भगवा बिकिनी’ पहनी हुई है। जिस को लेकर विवाद जारी है। वहीं, बीते दिनों पहले बायकॉट ट्रेंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। पीएम ने पार्टी के नेताओं से कहा था कि फिल्मों पर गैर जरूरी बयान देने से बचना चाहिए।
वहीं अब जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने भी इस पर बयान दिया है। उन्होने कहा है कि हॉलीवुड से ज्यादा हमारे स्टार्स की पहचान है। भारतीय सिनेमा का सम्मान किया जाना चाहिए। जर्मनी में लोगों का पहला सवाल यही होता है कि क्या आप शाहरुख खान को जानते हैं?
बायकॉट बॉलीवुड ट्रेंड पर क्या बोले जावेद अख्तर
दरअसल जावेद अख्तर हाल ही में जयपुर लिटरेचर फेस्टिल में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उनके साथ शबाना आजमी भी मौजूद थीं। इस दौरान उन्होंने बायकॉट बॉलीवुड ट्रेंड पर अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि ‘बायकॉट नहीं किया जाना चाहिए। इससे कुछ होना नहीं है, दुनिया में कोई ऐसी सोसाइटी नहीं है खास तौर पर हमारे देश में क्योंकि हम फिल्मों से मोहब्बत करते हैं। चाहे वो नॉर्थ हो, ईस्ट हो, साउथ हो। हमारे डीएनए में कहानी है और हमारी फिल्मों में गाने हमेशा से होते थे। हिंदी फिल्म उद्योग ने इसका आविष्कार किया गया।’
फिल्म इंडस्ट्री का सम्मान कीजिए- जावेद अख्तर
जावेद अख्तर ने आगे कहा कि ‘हमें हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की इज्जत करनी चाहिए। हमारी भारतीय फिल्में तकरीबन 135 देशों में रिलीज होती है। हॉलीवुड स्टार्स से ज्यादा हमारे स्टार्स को दुनिया में पहचाना जाता है। आप जर्मनी जाइए,वहां पहला सवाल यही होता है कि क्या आप शाहरुख खान को जानते हैं? हमारी फिल्में देश के बारे में एक अच्छा संदेश दे रही हैं। यही हमारी ताकत है।’