रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह एक बाद विवाद में फंस चुके हैं। उन्होंने हाल ही में दिल्ली में एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान कुछ ऐसा कह दिया, जिसके लिए उनकी आलोचना हो रही है। हालांकि बाद में हनी सिंह ने वीडियो जारी करते हुए अपनी सफाई पेश की और माफी भी मांगी है। अब पंजाबी इंडस्ट्री के महान सिंगर जसबीर जस्सी ने वीडियो जारी कर उनकी इस हरकत को गलत बताया है और उनके माता-पिता से अनुरोध किया है कि उन्हें समझाएं।

क्या है मामला?

हनी सिंह 14 जनवरी को नानकू और करुण के कॉन्सर्ट में बतौर गेस्ट दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ऑडियंस से बात करते हुए दिल्ली की ठंड के बारे में एक बयान दिया जो किसी को भी पसंद नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इतनी सर्दी है कि इस वक्त कार में… करने में मजा आता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कॉन्डम का इस्तेमाल करना चाहिए। उनका ये वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जसबीर जस्सी ने जारी किया वीडियो

इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, सीनियर पंजाबी गायक जसबीर जस्सी ने खुलकर अपनी निराशा व्यक्त की। जस्सी ने कहा कि हनी सिंह ने सारी हदें पार कर दी हैं और उन्हें एक मशहूर हस्ती के रूप में अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना जरूरी है। उन्होंने हनी सिंह के परिवार से आग्रह किया कि वो उन्हें समझाएं और कहा कि शायद उनके माता-पिता या बहन की सलाह हनी सिंह को समझ आए।

यह भी पढ़ें: हनी सिंह ने कॉन्सर्ट में दिल्ली की ठंड को लेकर की गंदी बात, फैंस हुए नाखुश

जसबीर जस्सी ने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं था जब उन्होंने हनी सिंह का विरोध किया था। इससे पहले, पंजाब में आयोजित एक पंजाबी फिल्मफेयर अवॉर्ड फंक्शन के दौरान, जस्सी ने हनी सिंह की परफॉर्मेंस पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने तब कहा था कि जो कलाकार कथित तौर पर युवाओं को गलत दिशा में प्रभावित करते हैं, उन्हें ऐसे मंचों पर नहीं होना चाहिए।

हनी सिंह ने मांगी माफी, बताया क्यों किया ऐसा

हनी सिंह ने अपने कमेंट पर बढ़ते विवाद को देखते हुए वीडियो जारी किया। जिसमें उन्होंने बताया कि ऐसा कहने के पीछे का कारण जागरूकता फैलाना था। उन्होंने अपने वीडियो में कहा कि उनके वीडियो को एडिट करके दिखाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वो नानकू और करुण के शो में बतौर गेस्ट शामिल हुए थे और उनका उद्देश्य युवा दर्शकों को सेफ सेक्स के बारे में बताना था। उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले वो स्त्री रोग विशेषज्ञ और यौन विशेषज्ञों से बात कर रहे थे और इस दौरान उन्हें पता चला कि असुरक्षित यौन संबंध के कारण युवाओं में STD (यौन संचारित रोगों) के मामले बढ़ते जा रहे हैं।

यह भी पढें: Yo Yo Honey Singh: लाइव शो में शर्मनाक बात करने के बाद हनी सिंह ने मांगी माफी, वायरल वीडियो का बताया पूरा सच

हनी सिंह ने कहा, “जब मैं शो में गया और जेन ज़ी ऑडियंस को देखा, तो मैंने सोचा कि मैं उन्हें उनकी भाषा में एक संदेश दूं-कंडोम का इस्तेमाल करें और सुरक्षित रहें। लेकिन मेरी भाषा से कुछ लोगों को ठेस पहुंची।” अपनी बात को खत्म करते हुए हनी सिंह ने कहा, “मैं इस बात का अधिक ध्यान रखूंगा कि मैं क्या कहता हूं, कैसे कहता हूं और किससे कहता हूं। मैं यह भी ध्यान रखूंगा कि मेरे शब्दों को गलत संदर्भ में लिया जा सकता है।”