आरती सक्सेना
बीते एक साल में इनसान की जिजीविषा ही नहीं उसकी इनसानियत के ढेरों उदाहरण सामने आए। कोरोना से प्रभावितों की मदद के लिए बढ़ते हाथों की कभी कमी नहीं पड़ी। मदद के मामले में बॉलीवुड किसी भी आपदा में पीछे नहीं रहा। महामारी के इस दौर में बॉलीवुड के सितारे मदद के लिए उठ खड़े हुए हैं। कोई पैसा जमा कर रहा है। कोई एंबुलेंस का इंतजाम कर रहा है। कोई आॅक्सीजन सिलेंडर लाने में लगा हुआ है। सभी की कोशिश एक ही है। जिस समाज ने उन्हें इतना कुछ दिया, आज उसकी मदद करने का मौका आया है।
ऐसे दौर में जब इनसान खुद को असहाय महसूस कर रहा है, मदद करने वाले लोग सामने आ रहे हैं ताकि लोगों के जीवन में खुशियां बनी रहें। कोरोना की दूसरी लहर के तांडव से हालात विकराल हो गए हैं। राष्ट्रीय आपदा में मदद के लिए बॉलीवुड आगे न आए, ऐसा कभी हुआ नहीं। मुंबई फिल्मजगत ने ऐसे मौकों पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। आज महामारी के दौर में भी फिल्म सितारे अपनी-अपनी तरह से मदद की कोशिशें कर रहे हैं। हालांकि खुद बॉलीवुड का कामगार वर्ग इस महामारी की विभीषिका का सामना कर रहा है। उसके सामने जहां एक ओर रोजी रोटी का संकट आ खड़ा है, वहीं दूसरी ओर जान बचाने की जद्दोजहद भी है। इन अपनों के साथ जरूरतमंदों की मदद के लिए बॉलीवुड सितारों ने कमर कस ली है। हर कोई अपने तरीके से मदद की कोशिशें कर रहा है।
सितारों ने जमा किए पैसे
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने मदद की गुहार लगाई और चार करोड़ रुपए जमा किए। प्रियंका पति के साथ अमेरिका में हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम और ट्विटर के जरिए अमेरिकी के राष्ट्रपति सहित अन्य लोगों से भारत की मदद की गुहार लगाई। प्रियंका की मुहिम में देसी विदेशी लोग शामिल हुए। भारत से कैटरीना कैफ के अलावा रशियन सुपर मॉडल इरीना शायक और लिली एल्ड्रिज ने भी मदद का हाथ बढ़ाया। कपिल शर्मा, से लेकर लता मंगेशकर और आयुष्मान खुराना तक ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री राहत कोष में दान दिया। ऋत्विक रोशन ने कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए 11 करोड़ दान दिया। कोरोना डोनेशन फंड में अंतराष्ट्रीय कलाकारों ने मिलकर करीब 27 करोड़ रुपए जुटाए।
सहायता के लिए आगे आए
सोनू सूद ने कोरोना की पहली लहर में कई लोगों की खूब मदद की थी। दूसरी लहर में भी वह मददगार के रूप में सामने आए हैं। इस दौरान वह कोरोना संक्रमित भी हुए। कोरोना की दूसरी लहर के बाद जब हालात बेकाबू हो गए तो सोनू ने मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, उनके लिए आॅक्सीजन, वेंटिलेटर और दवाइयां जुटाने में मदद की। सोनू के अलावा अक्षय कुमार और सलमान खान ने भी लोगों की आर्थिक मदद की। अक्षय कुमार ने जरूरतमंदों के लिए वेंटिलेटर और आॅक्सीजन की व्यवस्था की। सलमान ने एक वैनिटी वैन का इंतजाम किया जो खाने पीने के सामान और जरूरत की चीजों से भरी थी। यह वैन शहर में हर जगह घूमकर लोगों को खाना बांट रही थी। सलमान ने फिल्म कामगारों के खातों में पैसे भेजे और राधे की कमाई को कोरोना पीड़ितों की मदद में इस्तेमाल करने की घोषणा की।
मदद के लिए प्रेरित किया
अभिनेता जॉन अब्राहम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए पीड़ितों की मदद की गुहार लगाई। जॉन ने अपना सोशल मीडिया एकाउंट एक एनजीओ के हवाले कर दिया ताकि बेहतर तरीके से संसाधन जुटाए जा सकें। श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर संक्रमित हो गए थे। ठीक होने के बाद उन्होंने कोरोना पीड़ितों को प्लाज्मा दान किया। साथ ही संक्रमण के बाद ठीक हुए लोगों से अपील की कि वे भी प्लाज्मा दान करने के लिए आगे आएं। भूमि पेडेणेकर, गुरमीत चौधरी, अर्जुन कपूर, सुनील शेट्टी, ट्ंिवकल खन्ना जैसे कलाकारों ने न सिर्फ जरूरतमंदों की मदद की गुहार लगाई बल्कि फंड इकट्ठा कर लोगों को आॅक्सीजन, वेंटिलेटर और डॉक्टरी मदद भी मुहैया करवाई। गायक सोनू निगम ने जरूरतमंदों को एंबुलेंस के साथ पोर्टेबल आॅक्सीजन सिलेंडर भी उपलब्ध करवाए।
खामोशी से की मदद
इनके अलावा ऐसे ढेर सारे सितारे भी थे, जो इस मुसीबत के समय बहुत ही खामोशी से लोगों की मदद कर रहे थे। इनमें अमिताभ बच्चन, आमिर खान, शाहरुख खान जैसे नामी गिरामी सितारे शामिल थे। अजय देवगन ने कोरोना मरीजों के लिए एक आपात यूनिट तैयार की। उन्होंने मुंबई महानगरपालिका से मिलकर शिवाजी पार्क में एक हजार बिस्तरों वाला एक अस्थाई अस्पताल तैयार करवाने में भी मदद की। अजय देवगन की इस मुहिम में उनके साथ निर्माता बोनी कपूर, लव रंजन, आनंद पंडित, समीर नायर, दीपक धर आदि कई लोग शामिल थे।