बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें फूड प्वाइजनिंग हुई थी, जिसके कारण उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। फैमिली के करीबी ने इंडियन एक्सप्रेस को इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि जान्हवी को गुरुवार को साउथ मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सूत्र की मानें तो जान्हवी मंगलवार को चेन्नई से मुंबई लौटी हैं और अगले दिन से ही उन्हें तबीयत खराब लग रही थी। वह अच्छा महसूस नहीं कर रही थीं इसलिए उन्होंने अपने सारे काम भी टाल दिए। जब गुरुवार को उनकी तबीयत ज्यादा खराब हुई तो उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि जान्हवी कपूर का शेड्यूल पिछले कुछ दिनों से काफी हेक्टिक चल रहा है। वह एक के बाद एक इवेंट अटेंड कर रही हैं, जिसके कारण उन्हें आराम नहीं मिल पा रहा है।
वह अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के शादी के सारे फंक्शन में नजर आईं, इसके अलावा वह अपनी फिल्म ‘उलझ’ के प्रमोशनल इवेंट भी कर रही है, जिसके कारण वह अपनी हेल्थ का ख्याल नहीं रख पाईं। जान्हवी के फैंस उनकी तबीयत को लेकर काफी परेशान हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
जान्हवी की फिल्म ‘उलझ’ की बात करें तो वह इस फिल्म में सुहाना भाटिया की भूमिका निभाती नजर आने वाली हैं। फिल्म में गुलशन देवैया, रोशन मैथ्यू, आदिल हुसैन, राजेश तैलंग, मियांग चांग, राजेंद्र गुप्ता और जितेंद्र जोशी भी हैं। इसका निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता सुधांशु सरिया ने किया है।
