इंडिया टीवी की डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता और बीजेपी नेता संबित पात्रा के बीच घमासान छिड़ गया। दरअसल, कांग्रेस महिला अध्यक्ष सुष्मिता देव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर निशाना साधा। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को इस नाम से पुकारने की बजाय अजय सिंह बिष्ट के नाम से पुकारना शुरू कर दिया। साथ ही कहा कि माता-पिता ने जो नाम रखा है उसमें कैसी शर्म?
इस पर संबित पात्रा ने भी कांग्रेस नेता को करारा जवाब दिया। जिस अंदाज में कांग्रेस प्रवक्ता सुष्मिता देव ने अपनी बात लाइव डिबेट में रखी ठीक उसी तरह से ही संबित पात्रा उन्हें जवाब देते दिखे।
डिबेट में कांग्रेस प्रवक्ता बोलीं- ‘अजय बिष्ट जी को कितनी बारी दिल्ली बुलाया गया, मुलाकात करने के लिए प्रधानमंत्री के साथ। मगर वो आए नहीं। यहां तक कि ये हाल हो गया कि प्रधानमंत्री की तस्वीरें भी उत्तर प्रदेश के अखबारों में और पोस्टरों से हटवा दी गईं। ये बात हम सब जानते हैं कि उप मुख्यमंत्री और माननीय मुख्यमंत्री के बीच क्या चल रहा है, ये भी उत्तरप्रदेश की जनता जानती है।’
कांग्रेस प्रवक्ता की ये बात सुन कर पत्रकार सौरभ शर्मा ने कहा- ‘बार बार कांग्रेस की प्रवक्ता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को जिस नाम से वो जाने जाते हैं-योगी आदित्यनाथ, उससे क्यों नहीं बुलाते हैं? क्यों उनका पुराना नाम-अजय सिंह बिष्ट, उस नाम से बुलाते है?’
ऐसे ही जब कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने पार्टी छोड़ी और बीजेपी में शामिल हो गए थे, तब एक डिबेट के दौरान तो नवजोत सिंह सिद्धू का जिक्र करते हुए संबित पात्रा लाइव डिबेट में क्या बोले थे जानिए
इस पर कांग्रेस प्रवक्ता कहती हैं- ‘सीधी सी बात है, जिनका नाम जो है उनको उसी नाम से बुलाते हैं। अजय बिष्ट जी ने कहीं इनकार किया क्या? आप इलेक्शन कमिशन ऑफ इंडिया जिस ऑर्डर के तहत अजय बिष्ट जी को बैन किया गया था उसमें भी वही नाम लिखा था। तो ये सवाल कांग्रेस प्रवक्ता से क्यों कर रहे हैं?’
ऐसे में एंकर ने कहा- ‘नहीं मैंने तो बस ये कहा कि पूरी दुनिया उन्हें योगी आदित्यनाथ बुलाती है।’ ऐसे में कांग्रेस प्रवक्ता कहती हैं- ‘पूरी दुनिया क्या बुलाती है मुझे नहीं पता। जो उनका नाम है मैं उन्हें उस नाम से बुला रही हूं।’ उन्होंने आगे कहा- ‘अपने नाम पर शर्म क्यों आनी चाहिए? नाम तो नाम होता है, माता पिता आपको नाम देते हैं।’
नाम में क्या बुराई है … pic.twitter.com/TbEOfGjf0P
— Sambit Patra (@sambitswaraj) June 10, 2021
इस पर संबित पात्रा कांग्रेस प्रवक्ता सुष्मिता को जवाब देते हैं। पात्रा कहते हैं- ‘देखिए सौरभ जी हमारे विधायक नाराज हैं और योगी आदित्यनाथ जी को मोदी जी फोन करके बुलाते हैं, योगी आदित्यनाथ जी दिल्ली नहीं आते हैं। ये सब ANTONIA MAINO को कैसे पता है? मैं जानना चाहूंगा, क्या प्रधानमंत्री जी ने ANTONIA MAINO जी को ये बताया या फिर योगी जी ने ANTONIA MAINO जी को ये बताया? किसी ने नहीं बताया।’
पात्रा ने आगे कहा- ‘ये बैठ कर अपने घर में अटकलें लगाते रहते हैं, लगाते रहें। संबित पात्रा की बात सुन सौरभ शर्मा कहते हैं- आपको भी सोनिया गांधी कहना अच्छा नहीं लगता? जवाब में पात्रा कहते हैं- ऐसा कुछ नहीं है, नाम में क्या रखा है। माता पिता ने नाम दिया है-ANTONIA MAINO इतने प्यार से। जैसे अजय बिष्ट दिया है माता पिता ने नाम इतने प्यार से। तो इसमें क्या बुराई है?’