Hindi-Marathi language dispute: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह (Pawan Singh) को उनकी गायिकी और अदायकी के साथ ही बेबाकी के लिए भी जाना जाता है। वैसे तो वो बहुत कम ही मुद्दों पर अपने विचार रखते हैं। मगर जब भी कोई स्टेटमेंट देते हैं तो वो हेडलाइन्स बन जाता है। विवादों से उनका पुराना नाता रहा है। खेसारी लाल और पत्नि ज्योति सिंह के साथ विवाद तो जगजाहिर है। ऐसे में इन दिनों महाराष्ट्र में हिंदी और मराठी भाषा को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता राज ठाकरे की पार्टी इसका समर्थन कर रही है और मराठी भाषा बोलने पर जोर दे रही है। इसी बीच अब भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसे राज ठाकरे को जवाब माना जा रहा है।
महाराष्ट्र में राज ठाकरे और उनकी पार्टी MNS लंबे समय से मराठी भाषा को लेकर सख्त रवैया अपनाए हुए हैं। उनका मानना है कि महाराष्ट्र में जो लोग रहते हैं उन्हें मराठी बोलनी चाहिए। पिछले कुछ दिनों से इस पर राजनीति भी गरम है। एमएनएस के कुछ कार्यकर्ताओं ने राज्य में उतपात मचा रखा है। हाल ही में एक दुकानदार को पीटने का मामला सामने आया था क्योंकि उसे मराठी नहीं आती थी। लोगों में डर का माहौल है। ऐसे में अब इस मामले पर पवन सिंह ने खुलकर अपनी बात रखी और चुनौती दी कि उनको ये भाषा नहीं आती है और वो नहीं बोलेंगे। उनको जान जाने का भी डर नहीं है।
मराठी भाषा थोपने का पवन सिंह ने किया विरोध
दरअसल, पवन सिंह ने हाल ही में टीवी 9 के शो में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों के साथ खेसारी लाल के साथ विवाद और सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने इस दौरान हिंदी-मराठी भाषा विवाद की चर्चा के बीच अपनी मातृभाषा भोजपुरी पर गर्व जताया और कहा कि वो किसी भी दबाव में आकर मराठी भाषा नहीं बोलेंगे। एक्टर का कहना है कि भारत एक आजाद देश है और यहां हर किसी को अपनी भाषा बोलने का हक है। भोजपुरी स्टार ने ये भी कहा कि किसी पर कोई भाषा थोपना पूरी तरह से गलत है। इससे समाज में नफरत फैलती है।
पवन सिंह बोले- जान से मार दो, मराठी नहीं बोलूंगा
इतना ही नहीं, पवन सिंह ने आगे कहा कि उनको मराठी नहीं आती है। उनका जन्म बंगाल में हुआ था। उन्हें बंग्ला नहीं आती है। उनका मानना है कि वो बांग्ला भाषा सीख ही नहीं पाएंगे। इसलिए, नहीं बोलते हैं। पवन ने साफ शब्दों में कहा कि हिंदी बोलने का अधिकार है। वो महाराष्ट्र में मराठी बोलने के विवाद पर आगे कहते हैं कि जो महाराष्ट्र में रहते हैं वहां काम करते हैं तो मराठी आनी चाहिए, ये कौन सी बात हुई। इसे उन्होंने अहंकार और घमंड वाली बात कहा। पवन सिंह आगे चुनौती देते हुए कहते हैं कि वो काम करने के लिए मुंबई जाएंगे और ज्यादा से ज्यादा लोग क्या करेंगे जान से मार देंगे? तो उनको मरने का डर नहीं लगता है।
पवन सिंह कहते हैं कि ऐसे मुद्दों पर अगर इंसान मारा जाएगा तो वो शहीद हो जाएगा। मराठी नहीं आती है नहीं बोलते। फिर चाहे क्यों लोग उन्हें जान ही मार दें। अब पवन सिंह का ये बयान सामने आने के बाद वायरल हो गया, जिसकी वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उन्हें लोगों का भी समर्थन मिल रहा है।