Happy Birthday Rati Agnihotri: 70-90 के दशक की बेहतरीन अदाकारा रति अग्निहोत्री (Rati Agnihotri) का कभी हिंदी फिल्मों में सिक्का चलता था। वो ना केवल अपनी एक्टिंग बल्कि खूबसूरती की वजह से भी दर्शकों के दिलों पर राज करती थीं। उन्होंने हिंदी से पहले साउथ फिल्मों में काम किया था। 16 साल की उम्र में एक्ट्रेस ने अपनी पहली फिल्म ‘पुदिया वरपुकल’ में काम किया था। ये ब्लॉकबस्टर रही। पर्दे पर उनकी जर्नी हमेशा से सफल रही लेकिन पर्सनल लाइफ इसकी उल्टी रही। वो सालों तक बंद दरवाजे में पति की मार झेलती रहीं। करीब 30 साल तक इस दर्द को झेलने के बाद उन्होंने इसका खुलासा किया था और इसके खिलाफ खड़ी हुई थीं।
दरअसल, रति अग्निहोत्री के बारे में ये सारी बातें उनके जन्मदिन के मौके पर बता रहे हैं। उनका जन्म 10 दिसंबर, 1960 को उत्तर प्रदेश के बरेली में हुआ था। वो बरेली के पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनका परिवार खुले विचारों वाला था। उनकी बहन मॉडलिंग करती थी और वह मिस इंडिया रह चुकी हैं, जिनका नाम अनीता अग्निहोत्री है। बहन को देखकर रति को भी एक्टिंग का शौक हुआ और उन्होंने 10 साल की उम्र से ही मॉडलिंग करना शुरू कर दिया था। जब वो 16 साल की हुईं तो उनके पिता चेन्नई में शिफ्ट हो गए थे। यहां एक्ट्रेस ने एक्टिंग सीखी और 16 साल की उम्र में ही उन्होंने अपनी पहली साउथ फिल्म साइन की। इसमें उनके साथ भाग्यराजा ने लीड रोल प्ले किया था। उन्होंने ही एक्ट्रेस को तमिल सिखाई थी।
करियर के पीक पर छोड़ी इंडस्ट्री
इसके बाद रति अग्निहोत्री ने हिंदी फिल्मों में ‘एक दूजे के साथ’ से करियर शुरू किया। इस फिल्म में उनके अपोजिट कमल हासन थे। रति की पहली ही हिंदी फिल्म सुपरहिट रही थी। उस दौरान एक्ट्रेस ने 70-80 के दशक के नामी एक्टर्स के साथ काम किया और जब उनका करियर पीक पर था तो उन्होंने इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया। वो बेहद ही खूबसूरत थीं और उन्हें शादी के कई ऑफर आए। परिवार के खातिर उन्होंने सब छोड़ दिया और बिजनेसमैन अनिल विरवानी से शादी कर ली। अब उनका यही फैसला उनके जीवन का टर्निंग प्वॉइंट रहा। इस शादी से उन्होंने सुख नहीं केवल दुख झेला। शादी के बाद पति उन पर फिल्मों में काम ना करने का दबाव बनाने लगे। फिर, बेटे तनुज का जन्म हुआ। लेकिन, खुशियों की जगह लड़ाई-झगड़ों का सिलसिला जारी रहा।
रति अग्निहोत्री ने किया खुलासा
फिर एक दिन रति अग्निहोत्री से जब से दर्द झेला नहीं गया तो उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत कर दी। जहां उन्होंने पति पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया था। इस दौरान एक इंटव्यू में एक्ट्रेस ने खुलासा किया था कि पिछले 30 सालों से वो अपने पति की मार को झेल रही थीं। उन्होंने सारी घटनाओं को याद कर बताया कि वो अपने पति की मार से बचने के लिए घर में चारों ओर दौड़ पड़ती थीं। अति हो जाने के बाद एक्ट्रेस ने स्मार्टफोन आने के बाद फोटोग्राफिक सबूत रिकॉर्ड किए। पहले उन्होंने पति के खातिर ये सब सहा था। एक्ट्रेस को लगने लगा था कि वो एक दिन पिट-पिटकर ऐसे ही मर जाएंगी। इसके बाद उन्होंने इसके खिलाफ कदम उठाया और तलाक फाइल कर दिया। इनका 2015 में तलाक हो गया था।