Happy Birthday Dalip Tahil Career Facts: बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक खतरनाक विलेन रहे हैं। इसी में से दलीप ताहिल हैं, जिन्हें पिछले दिनों हिट एंड रन केस में जेल की सजा सुनाई गई है। इसी बीच अब आज वो अपना 71वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 30 अक्टूबर, 1952 को आगरा में हुआ था। एक्टर अपने अभिनय के दम पर बतौर विलेन अच्छी खासी पहचान बनाई है। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है लेकिन, क्या आपको पता है कि वो पर्दे पर विलेन बनने के लिए नहीं बल्कि हीरो बनने के लिए आए थे। चलिए आज आपको बताते हैं कि वो विलेन कैसे बने…?

30 अक्टूबर, 1952 को उत्तर प्रदेश के आगरा में जन्में दलीप ताहिल ने नैनीताल और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई की थी। स्कूल के दिनों से ही उन्हें एक्टिंग का काफी शौक था। वो स्कूल में होने वाले नाटकों में हिस्सा भी लिया करते थे। बड़े पर्दे पर आने से पहले एक्टर ने लंबे समय तक थिएटर में काम किया है। साल 1974 में आई फिल्म ‘अंकुर’ से उन्होंने सिनेमा में करियर की शुरुआत की थी और आज वो इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर हैं। अब वो भले ही फिल्मों में काम नहीं कर रहे हैं मगर आज भी लोग उनके किरदारों और मूवीज को नहीं भुला पाए हैं।

6 साल तक नहीं मिला ब्रेक, दर-दर भटके एक्टर

दलीप ताहिल आज 100 से ज्यादा फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं लेकिन, 90 के दशक में उनके लिए भी एक सफल एक्टर बनना कहां आसान था। करियर के शुरुआत में दलीप ताहिल बुरे दौर से गुजरे फिर एक दिन थिएटर के दौरान श्याम बेनेगल की नजर उन पर पड़ी और दलीप को साल 1974 में रिलीज हुई फिल्म ‘अंकुर’ मिली। इस मूवी से बड़े पर्दे पर उनका पहला ब्रेक था। वो बात अलग है कि इससे उन्हें कोई खास पहचान नहीं मिली थी लेकिन, पहली फिल्म के बाद उनके बुरे दिनों का दौर खत्म नहीं हुआ था। लंबे समय तक उन्हें काम फिर नहीं मिला। इस दौरान कई ऑडिशन दिए फिर भी बात नहीं बनी।

पहली फिल्म के बाद भी दलीप ताहिल काम के लिए दर-दर भटकने के लिए मजबूर थे। उन्होंने 6 साल तक काम के लिए संघर्ष किया। इस बीच वो जिंगल, मॉडलिंग और विज्ञापन करके अपना खर्चा चला लिया करते थे। इसके बाज उन्हें रमेश सिप्पी की फिल्म ‘शान’ में काम करने का मौका मिला। इसमें उनका छोटा सा रोल था। इसमें उन्होंने नेगेटिव भूमिका अदा की थी, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था। इसके बाद दलीप को विलेन के रोल ऑफर होने लगे थे।

शाहरुख की फिल्म से बदली किस्मत

दलीप ताहिल की तमाम मशक्कत और कड़ी मेहनत के बाद उनकी लाइफ में वो दिन भी आ गए, जब उन्हें इंडस्ट्री में नाम और पहचान मिली। साल 1993 में आई फिल्म ‘बाजीगर’ को उनके करियर का टर्निंग प्वॉइंट माना जाता है। इसमें शाहरुख खान, काजोल और शिल्पा शेट्टी ने लीड रोल प्ले किया था। फिल्म में दलीप की नेगेटिव भूमिका थी। इस मूवी से दलीप के साथ-साथ शाहरुख का भी एक्टिंग करियर निकल पड़ा था। विलेन के रूप में दलीप छा गए थे। लोगों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।