विजय रुपाणी के इस्तीफे के बाद गुजरात को भूपेंद्र पटेल के रूप में एक नया मुख्यमंत्री मिल गया है। इसके कुछ समय बाद ही मुख्यमंत्री पद से वंचित रह जाने वाले उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल का दर्द मीडिया के सामने छलका। मीडियाकर्मियों से बात करने के दौरान उनकी आंखों से आंसू निकलते दिखे जिस पर बॉलीवुड फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने टिप्पणी की है। बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व पर निशाना साधते हुए विनोद कापड़ी ने कहा कि पूरा देश ऐसे ही रो रहा है।

विनोद कापड़ी ने सोमवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में लिखा, ‘नितिन पटेल के तो आंसू दिख गए। सच ये है कि पूरा देश ऐसे ही रो रहा है।’

नितिन पटेल को लेकर कांग्रेस नेता श्रीनिवास बी वी ने भी एक ट्वीट किया जिसमें वो लिखते हैं, ‘बेचारे हर बार CM बनते-बनते रह जाते हैं। कुर्सी पर बैठते-बैठते आडवाणी बना दिए जाते हैं।’

विनोद कापड़ी ने नितिन पटेल का वो वीडियो भी शेयर किया है जिसमें वो भावुक होते दिख रहे हैं। वीडियो में नितिन पटेल कह रहे हैं, ‘चाहे वो धार्मिक नेता हो, कोई संत हो, स्वामी हो अगर उसके भक्तों के हृदय में उसका स्थान रहता है तब तक वो बड़ा रहता है।’

वो आगे बोले, ‘इसी तरह कोई कंपनी का ब्रांड हो, जब तक उसका सम्मान होता है, वो चलता है। राजनीति में भी छोटे से छोटा कार्यकर्ता हो या बड़ा से बड़ा नेता हो, प्रजा के हृदय में स्थान रखना पहली बात है और काम करके लोगों का प्रेम जीतकर आदमी बड़ा हो सकता है। 6 बार मैं विधायक बना तो कड़ी मेहनत और मतदाताओं, कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से बना।’ इतना कहते कहते नितिन पटेल की आंखों से आंसू निकलने लगे।

नितिन पटेल ने इससे पहले मेहसाना में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि वो अकेले नहीं हैं जिनकी बस छूट गई बल्कि और लोग भी हैं। उन्होंने कहा था, ‘कई अन्य लोग भी हैं जिनकी बस छूटी है। मैं अकेला नहीं हूं। इसलिए इस घटनाक्रम को उस नजर से न देखें। पार्टी निर्णय लेती है।’

बता दें, विजय रुपाणी ने शनिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री की दौड़ में नितिन पटेल को सबसे आगे माना जा रहा था लेकिन रविवार को भाजपा विधायकों की बैठक हुई जिसमें भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री चुन लिया गया।