अगले साल होने वाले गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद मीडिया को दिए संबोधन में कहा कि अब नए नेतृत्व में गुजरात की विकास यात्रा आगे बढ़ेगी। उनके इस्तीफे पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने चुटकी ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए उन्होंने कहा है कि ये उनकी खुन्नस का नतीजा है।
अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में कांग्रेस नेता ने लिखा कि बीजेपी बहुत दिनों से विधायक खरीद मुख्यमंत्री नहीं बना पाई है इसलिए अपने ही मुख्यमंत्री को निकाल दिया।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘बहुत दिनों से विधायक खरीदकर अपना मुख्यमंत्री नहीं बना पाने की खुन्नस, मोदी-शाह BJP शासित राज्यों में अपने ही मुख्यमंत्री बदलकर निकाल रहे है… इसी कड़ी में गुजरात के CM भी नप गए।’
फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने भी विजय रुपाणी के इस्तीफे को लेकर बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘जिस तरह से रातों रात वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों से इस्तीफ़े लिए गए, मुख्यमंत्रियों को बिना नोटिस के जबरन हटाया जा रहा है- इससे सबसे ज़्यादा चिंता भारतीय जनता पार्टी को ही करनी चाहिए। देश की तमाम संस्थाओं का विनाश करके दो लोग पार्टी को ही सर्वनाश की तरफ़ ले जा रहे हैं।’
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने भी विजय रुपाणी के इस्तीफे पर बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने लिखा, ‘रुपाणी भी गए। अगला नंबर किसका? एंटी इनकंबेंसी रोकने के लिए कितने सीएम बदलोगे?’
गुजरात का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। विजय रुपाणी से जब यह सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी इसका फैसला करेगी। विजय रुपाणी साल 2017 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। पिछले कुछ समय से राज्य सरकार और संगठन के बीच अनबन की खबरें आ रहीं थीं।
