उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है। स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद एक और मंत्री दारा सिंह चौहान ने योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। चौहान ने भी योगी सरकार पर दलितों और पिछड़ों की उपेक्षा का आरोप लगाया है। योगी कैबिनेट से एक के बाद एक इस्तीफे पर सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रिया आ रही है।

बॉलीवुड अभिनेता कमाल राशिद खान (KRK) ने तंज कसते हुए लिखा, ‘इधर भी हम, उधर भी हम! सारे ही दलों में हम ही हम! SP BSP BJP, जहां मन करेगा वहां रहेंगे हम। क्योंकि पैसा कमाना है हमारा असली धर्म। पब्लिक है बेचारी, जिसको आसानी से बेवक़ूफ़ बना लेते है हम…। धन्य है ये पॉलिटिशियंस!’

उधर, निर्देशक विनोद कापड़ी ने टिप्पणी की, ‘तमाम मीडिया मैनेजमेंट, सरकारी मशीनरी से चुनावी रैलियों, ख़रीदे हुए ओपिनियन पोल के बावजूद सच अभी तक बस इतना ही है: 24 घंटे में आदित्यनाथ के दो कैबिनेट मंत्रियों का इस्तीफ़ा, 6 नेताओं की पार्टी से बग़ावत।’

उन्होंने अपने एक और ट्वीट में लिखा, ‘बताते हैं कि रामविलास पासवान के बाद अगले बड़े मौसम विज्ञानी स्वामी प्रसाद मौर्या हैं। यूपी वाले जानते हैं कि मौर्या 2017 चुनावों से पहले 2017 में BSP छोड़कर BJP में आ गए थे और अब 2022 के चुनावों से पहले BJP छोड़ कर SP में आ गए हैं। क्या इस बार इनका मौसम विज्ञान सही साबित होगा?’

उधर, पूर्व IAS सूर्य प्रताप सिंह ने टिप्पणी की, ‘आज का स्कोर- विधायक, एक मंत्री का विकेट और गिरा! बाबा तो गयो’। उन्होंने आगे लिखा, भाजपा के OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ‘दारा सिंह चौहान’ समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। आजकल FIR करवाने वाले कहां हैं? कोई मुक़दमा ‘बेवफ़ाई’ पर भी बनता है क्या?