Dunki Box Office Collection Day 2: शाहरुख खान ने इस साल एक के बाद एक दो बड़ी हिट फिल्में दी हैं। पहले ‘पठान’ और फिर ‘जवान’ ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल किया। अब 21 दिसंबर को उनकी इस साल की तीसरी और आखिरी फिल्म ‘डंकी’ रिलीज हुई, लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पा रही है। ओपनिंग डे पर ही फिल्म ने महज 29 करोड़ का कलेक्शन किया, जो दूसरे दिन और भी कम रहा। रिलीज के दूसरे दिन ‘डंकी’ ने 20 करोड़ का बिजनेस किया है। जिसके बाद फिल्म को दो दिन का कलेक्शन 49.20 करोड़ हो गया है।

गुरुवार को ‘डंकी’ में कुल मिलाकर 29.94% की ऑक्यूपेंसी देखी गई। एनसीआर में 1412 शो थे जिनमें लगभग 31% ऑक्यूपेंसी थी, और मुंबई में 1081 शो थे जिनमें लगभग 29.75% ऑक्यूपेंसी देखी गई। ‘डंकी’ गुरुवार को सोलो रिलीज हुई थी, लेकिन शुक्रवार को फिल्म को प्रशांत नील की ‘सालार’ से मुकाबला करना पड़ा। जो देश भर में कई भाषाओं में रिलीज हुई। प्रभास स्टारर ‘सालार’ ने ‘डंकी’ को आसानी से पछाड़ दिया है। प्रभास की फिल्म ने भारत में 112 करोड़ की ओपनिंग की है।

भले ही यह शाहरुख खान की साल की सबसे कम सफल फिल्म है, फिर भी इस फिल्म ने साल 2018 की रिलीज हुई उनकी ‘जीरो’ से अच्छा प्रदर्शन किया है। ‘जीरो’ ने पहले दिन 19.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था और उस फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 90.28 करोड़ रुपये था।

‘डंकी’ के निर्देशक राजकुमार हिरानी अपने सफल ट्रैक रिकॉर्ड के लिए जाने जाते हैं। लेकिन फिलहाल फिल्म का दो दिन का कलेक्शन उनकी साल 2018 में आई ‘संजू’ से पीछे चल रहा है। वह फिल्म पहले ही दिन 34.75 करोड़ पर खुली थी। फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 342.53 करोड़ था।