Lockdown, Marriages: लॉकडाउन के बीच डॉन अरुण गवली (Arun Gawli) की बेटी की शुक्रवार, 8 मई को मुंबई में शादी हुई। अरुण गवली की बेटी योगिता ने मराठी एक्टर अक्षय वाघमारे से शादी रचाई। कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते समारोह में सिर्फ परिवार के सदस्य ही शामिल हो पाए। पहले ये शादी 29 मार्च को होने वाली थी, लेकिन इसे टाल दिया गया था।
योगिता और अक्षय वाघमारे की शादी मुंबई की दगड़ी चॉल में संपन्न हुई। दूल्हा-दूल्हन ने मास्क लगाकर शादी की रस्मों को पूरा किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस शादी पर मुंबई क्राइम ब्रांच की भी नजर थी। उन्होंने शादी में शिरकत करने वाले सभी मेहमानों पर निगाह बनाकर रखी थी। लॉकडाउन से पहले इस शादी को लेकर तमाम ग्रैंड अरेंजमेंट्स किए गए थे और 5 स्टार होटल को वेन्यू के तौर पर चुना गया था। लेकिन लॉकडाउन की घोषणा के बाद सब धरा का धरा रह गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अरुण गवली (Arun Gawli) की बेटी योगिता पेशे से एक लॉयर हैं। वह एक एनजीओ भी चलाती हैं, जो महिलाओं और किशोरियों को फ्री सैनिटरी पैड देने का काम भी करता है। पिछले साल दिसंबर के महीने में अक्षय और योगिता की सगाई हुई थी। अक्षय मराठी फिल्मों के एक्टर हैं। उन्होंने Fatteshikasat फिल्म में भी काम किया था। अक्षय का ताल्लुक मराठी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता दादा कोंणके के परिवार से भी है।
इससे पहले, गुरुवार शाम को अक्षय और योगिता की हल्दी सेरेमनी आयोजित की गई थी। अक्षय ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर भी शेयर की थी, जिसमें वे और योगिता बेहद खुश नजर आ रहे थे। दूसरी तरफ, लॉकडाउन के बीच पुणे पुलिस ने अक्षय वाघमारे के परिवार को मुंबई जाने की इजाजत दी थी।

