बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। ऋषि कपूर के निधन की खबर ने बॉलीवुड के साथ ही साथ फैंस को भी झकझोर कर रख दिया है। 67 साल के ऋषि कपूर के इस कदर दुनिया से चले जाने से सभी लोग शॉक में हैं। करीब दो साल तक बहादुरी के साथ कैंसर से जंग लड़ने के बाद आखिरकार उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। अभी कुछ देर पहले उनके परिवार की तरफ से जारी संदेश में फैंस के नाम खास संदेश दिया गया है।
संदेश में कहा गया है, ‘हम सबके प्यार ऋषि कपूर 2 सालों तक ल्यूकेमिया से लड़ने के बाद आज सुबह 8.45 बजे हम सब को छोड़कर चले गए। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का कहना है कि ऋषि हमेशा से दृढ़ निश्चय और जिंदादिल रहे थे वो आखिर वक्त तक सभी का मनोरंजन कर रहे थे। परिवार, दोस्त, खाना और फिल्में हमेशा उनके ध्यान में रही थीं और जो भी उनसे मिलता था ये देखकर दंग था कि आखिर वह इस बीमारी से जूझते हुए भी कैसे मजबूती से इसका सामना कर रहे हैं।’
बता दें कि मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर कुछ करीबियों की मौजूदगी में ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार किया गया।अंतिम संस्कार के वक्त माहौल काफी गमगीन हो गया था। बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट ऋषि कपूर के पार्थिव शरीर के पास खड़ी फूटफूट कर रोती हुई नजर आईं। इस दौरान आलिया भट्ट फोन पर ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर के साथ वीडियो कॉल के माध्यम से जुड़ी हुई नजर आईं।
लॉकडाउन की वजह से ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर मुंबई नहीं पहुंच पाईं थीं और वो दिल्ली में ही फंसी रह गईं थीं। बेटी रिद्धिमा कपूर वीडियो कॉल के माध्यम से पिता के आखिरी दर्शन के साथ साथ उनके अंतिम संस्कार में भी उन्हें शामिल हुई थीं। इस दौरान आलिया के साथ खड़ीं ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर भी रोती हुई नजर आईं। नीतू कपूर, रणबीर, आलिया भट्ट के अलावा आखिरी विदाई देने के लिए करीना कपूर, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी, रीमा जैन, मनोज जैन, आदर जैन, अनीशा जैन, विमल पारीख, डॉ. टंडन और राहुल रवैल भी मौजूद रहे।

