Happy Birthday Disha Patani: अपनी फिटनेस और अलग लुक के लिए जानी जाने वाली दिशा पाटनी 13 जून यानी आज 31 साल की हो चुकी हैं। एक्ट्रेस का जन्म साल 1992 में उत्तर प्रदेश के बरेली में हुआ था। उनके परिवार में कोई पुलिस में है तो आर्मी में है। सिर्फ दिशा ही हैं जो एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से वास्ता रखती हैं। इस दुनिया में कदम रखने के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी है। आज एक्ट्रेस के जन्मदिन पर हम उनके करियर की शुरुआत से लेकर स्ट्रगल के बारे में बताएंगे।
दिशा के माता-पिता वर्किंग हैं। उनके पिता एक पुलिस ऑफिसर हैं तो मां हेल्थ इंस्पेक्टर हैं। उनकी एक बड़ी बहन है जो इंडियन आर्मी में हैं। इसके अलावा उनका एक छोटा भाई है जो फिलहाल पढ़ाई कर रहा है। दिशा बचपन से ही ग्लैमर वर्ल्ड में आना चाहती थीं और इसके लिए उन्होंने अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।
बीच में छोड़ दी थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई
वैसे तो दिशा लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं। लेकिन इसी दौरान उन्होंने ग्लैमर वर्ल्ड में आने की ठान ली। एक्ट्रेस ने अपनी पढ़ाई के बीच में ही मॉडलिंग शुरू कर दी थी।
वह बीटेक के दौरान एक ऑडिशन के लिए गई थीं और उन्हें मॉडलिंग प्रोजेक्ट मिल गया था। उसी वक्त से दिशा ने पैसे कमाना शुरू कर दिया और इसमें वह इतना बिजी हो गईं कि अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। दिशा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इंजीनियरिंग बीच में छोड़ने का उन्हें दुख नहीं है।
फेमिना मिस इंडिया फर्स्ट रनर अप रही हैं दिशा
दिशा पाटनी ने साल 2013 में फेमिना मिस इंडिया इंदौर में हिस्सा लिया था। इसमें वह फर्स्ट रनर अप रही थीं। इसके बाद उन्होंने तेलुगू फिल्म ‘लोफर’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। ये फिल्म साल 2015 में आई थी। फिल्म में उन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद इसी साल उन्हें बॉलीवुड में डेब्यू करने का मौका मिला। दिशा, टाइगर श्रॉफ के साथ ‘बेफिक्रा’ नाम के म्यूजिक वीडियो में नजर आई थीं।