होली के त्योहार से ठीक पहले रसोई गैस के दाम में इजाफा हुआ है। घरेलू गैस सिलेंडर के रेट 50 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। बढ़े दामों पर अब लोगों को स्मृति ईरानी की याद आने लगी है। दरअसल साल 2011 में जब स्मृति ईरानी केंद्रीय मंत्री नहीं थीं, तब वह कहती थी कि उनकी पार्टी जैसे ही सत्ता में आएगी, सबकी परेशानी खत्म हो जाएगी। उनका एक पुराना ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर कॉमेडियन राजीव निगम ने उनपर तंज कसा है।

स्मृति ईरानी ने विपक्ष की सरकार में सिलेंडर के बढ़े दामों को लेकर ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने लिखा था,”एलपीजी में 50 रुपये की बढ़ोतरी। और ये खुद को आम आदमी की सरकार कहते हैं। कितनी शर्म की बात है।” इसी ट्वीट को लेकर हर तरफ स्मृति ईरानी का जिक्र हो रहा है, लोगों का कहना है कि अब वह कहां हैं, जब भाजपा सरकार के राज में गैस सिलेंडर के रेट बढ़ाए गए हैं।

राजीव निगम ने कसा तंज

राजीव निगम ने अपना एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। जिसमें वह कह रहे हैं,”50 रुपये क्या सिलेंडर के बढ़ें स्मृति ईरनी को ढूंढने लगे। अरे! इन्हें पता नहीं है जब मोदी जी को सिलेंडर के दाम बढ़ाने होते हैं न, वो स्मृति ईरानी को दाएं बाएं कहीं छिपा देते हैं। पहले तुम छिप जाओ, तब सिलेंडर के दाम बढ़ाएं। क्योंकि सिलेंडर के दाम बढ़ाते हम हैं, लेकिन लोग स्मृति ईरानी को ढूंढते हैं। इसलिए मोदी जी पहले उन्हें छिपा देते हैं कि हां तुम पहले कहीं छिप जाओ। तो वह कहीं छिप जाती होंगी। पर्दे के पीछे टेबल के नीचे। नहीं टेबल के नीचे कहां छिप पाती होंगी। मंत्रालय है उनका”

“हमको लगता है मंत्रालय के किसी अलमारी-वलमारी में जाकर छिप जाती होंगी। हां, फिर मोदी जी 50 रुपये बढ़ा देते हैं। जनता त्राहि-त्राहि मचा रही है। अब मंत्रालय तक आवाज जाना मुश्किल है। मंत्रालय के अंदर अलमारी, उसके अंदर स्मृति ईरानी।”

यूजर्स की प्रतिक्रिया

मनीष नाम के यूजर ने लिखा,”2013-2014 मैं 1234 का LPG सिलेंडर सस्ता था। और 2023 में 1100 का सिलेंडर महंगा है। बाबू बचपन मैं गणित की कक्षा बंक किए थे या मास्टर जी के डंडे खाए थे। शदाब नाम के यूजर ने लिखा,”आदरणीय स्मृति जी बढ़े दाम के खिलाफ तब आवाज उठाती हैं ,जब ये विपक्ष में होती हैं। अभी के बढ़े दाम तो देशहित में है।”